न्यूज स्कैन ब्यूरो। खगड़िया/परबत्ता

रविवार को नगर पंचायत परबत्ता अंतर्गत हाई स्कूल कन्हैयाचक के मैदान में एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल शौर्य के समर्थन में विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। इस जनसभा में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान हेलीकॉप्टर से पहुंचे। जनसभा की अध्यक्षता लोजपा (रा) जिलाध्यक्ष मनोज कुमार ने की, जबकि संचालन पूर्व मुखिया पवन कुमार चौधरी ने किया।हेलीकॉप्टर से उतरते ही एनडीए कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का जोरदार स्वागत किया। सभा को संबोधित करते हुए देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वे महाराष्ट्र में तीन लाख बिहारवासियों के साथ छठ पर्व मना कर आए हैं, लेकिन राहुल गांधी जैसे नेता छठ मैया का अपमान करते हैं। उन्होंने कहा, “जो छठ मैया का अपमान करे, उसे बिहारवासी कभी स्वीकार नहीं करेंगे।”
फडणवीस ने आगे कहा कि इस बार बिहार में फिर एनडीए की सरकार बनेगी और परबत्ता से बाबूलाल शौर्य विजयी होकर नीतीश कुमार के साथ बैठकर क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करेंगे।उन्होंने चिराग पासवान की प्रशंसा करते हुए कहा कि “अब समय लालटेन का नहीं, चिराग का है, और आपका चिराग आपके मंच पर बैठा है।” वहीं, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपने संबोधन में ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ का नारा दोहराया और जनता से बाबूलाल शौर्य को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जैसे जनता ने सांसद राजेश वर्मा को दिल्ली भेजा, वैसे ही बाबूलाल शौर्य को पटना भेजें ताकि क्षेत्र की आवाज़ मुख्यमंत्री तक पहुँचे।कार्यक्रम में सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि परबत्ता विधानसभा को भयमुक्त बनाना एनडीए का लक्ष्य है। जनसभा में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और आम जनता मौजूद रहे।



























