‘माँ कामाख्या मंदिर’ को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान, मंत्री लेसी सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाकात

न्यूज स्कैन ब्यूरो, ​नई दिल्ली/पूर्णिया
बिहार सरकार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री सह धमदाहा विधायक लेसी सिंह ने आज नई दिल्ली में देश के यशस्वी गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से उनके आधिकारिक आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गृह मंत्री को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर उनका भव्य अभिनंदन किया।

​’माँ कामाख्या कॉरिडोर’ के निर्माण की उठी मांग
​मुलाकात के दौरान मंत्री लेसी सिंह ने अपने विधानसभा क्षेत्र धमदाहा के प्रसिद्ध माँ कामाख्या मंदिर (मजरा, भवानीपुर) की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता को राष्ट्रीय पटल पर लाने की दिशा में बड़ी पहल की। उन्होंने गृह मंत्री को मंदिर का प्रतीक चिन्ह भेंट किया और एक अनुरोध पत्र सौंपते हुए माँ कामाख्या मंदिर को प्रमुख पर्यटकीय क्षेत्र में शामिल करने तथा वहां ‘माँ कामाख्या कॉरिडोर’ के निर्माण की मांग रखी।

​गृह मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
​गृह मंत्री अमित शाह ने इस प्रस्ताव पर गंभीरता दिखाते हुए सकारात्मक पहल का भरोसा दिया है। मंत्री लेसी सिंह ने बताया कि, “गृह मंत्री जी का मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त कर मैं अभिभूत हूँ। उन्होंने कॉरिडोर निर्माण और मंदिर के विकास हेतु उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है, जिसके लिए मैं उनका हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ।”

​राष्ट्रीय फलक पर स्थापित होगा मंदिर का गौरव
​लेसी सिंह ने गृह मंत्री को सुविधानुसार माँ कामाख्या मंदिर आने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि माता के आशीर्वाद से वे इस प्राचीन मंदिर की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए निरंतर कृतसंकल्पित हैं। इस कॉरिडोर के निर्माण से न केवल सीमांचल में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्राप्त होगी।