राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में बेड पर बिछाई जाने वाली चादरें बुनकरों द्वारा ही बनाई जाएगी: सहकारिता मंत्री

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री प्रेम कुमार ने भागलपुर सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य में बुनकरों और किसानों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
मंत्री ने कहा कि बिहार में लगभग 50 हज़ार बुनकर हैं और सरकार उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए लगातार नए अवसर और बाजार उपलब्ध कराने का काम कर रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि बुनकरों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिले और उनकी मेहनत का पूरा लाभ सीधे उन्हें ही पहुंचे।


सहकारिता मंत्री ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अब राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में बेड पर बिछाई जाने वाली चादरें बिहार के बुनकरों द्वारा ही बनाई जाएंगी। इससे बुनकरों को बड़े पैमाने पर रोजगार और स्थायी आमदनी का साधन मिलेगा।
उन्होंने बताया कि पहले बुनकरों को सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए बिचौलियों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब वे सीधे इन योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं। इसका सीधा असर उनकी आमदनी में बढ़ोतरी और आर्थिक आत्मनिर्भरता पर पड़ा है।
प्रेम कुमार ने आगे कहा कि आने वाले समय में सरकार बुनकरों के लिए और योजनाएं लाएगी, ताकि उनकी आय बढ़े और उनके उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिले। मंत्री ने बुनकर समुदाय को आश्वासन दिया कि सरकार हर संभव मदद करेगी, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने हुनर को सही दिशा में बढ़ा सकें।