‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ के तहत अब हर सोमवार और शुक्रवार को आम जनता से मिलेंगे पदाधिकारी

न्यूज स्कैन ब्यूरो, भागलपुर
राज्य सरकार के सात निश्चय-3 के अंतर्गत सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ (Ease of Living) को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए बिहार सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्य सचिव बिहार श्री प्रत्यय अमृत के आदेश के अनुसार अब 19 जनवरी 2026 से प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों में पदाधिकारी आम जनता से मिलेंगे और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करेंगे।
अक्सर यह देखा गया है कि आम लोग अपनी शिकायतों को लेकर सरकारी कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन संबंधित पदाधिकारी के अनुपस्थित रहने के कारण उन्हें असुविधा होती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है, ताकि नागरिकों को सरकारी कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
आदेश के तहत ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल, जिला, प्रमंडल एवं राज्य स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में सोमवार और शुक्रवार को पदाधिकारी अपने निर्धारित कार्यालय कक्ष में उपस्थित रहकर आमलोगों से मिलेंगे। इस दौरान वे नागरिकों की शिकायतों को संवेदनशीलता और सम्मानपूर्वक सुनते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे।
यदि किसी कारणवश संबंधित पदाधिकारी इन दोनों दिनों में उपस्थित नहीं रह पाते हैं, तो उनके द्वारा अधिकृत वैकल्पिक पदाधिकारी आम जनता से मिलने के लिए उपस्थित रहेंगे। वहीं, जिन पदाधिकारियों के पास एक से अधिक कार्यालय या विभाग का प्रभार है, वे सोमवार और शुक्रवार को सुविधानुसार समय निर्धारित कर सभी कार्यालयों में जाकर लोगों से मुलाकात करेंगे।
इसके साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। आम लोगों से प्राप्त शिकायतों के लिए शिकायत पंजी का संधारण किया जाएगा तथा शिकायतों के निरंतर अनुश्रवण की भी व्यवस्था होगी।
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि उपर्युक्त बिंदुओं के प्रभावी अनुपालन के लिए वे अपने स्तर से विधिवत आदेश जारी करें। सरकार का मानना है कि इस पहल से प्रशासन और जनता के बीच संवाद मजबूत होगा तथा आम नागरिकों का जीवन वास्तव में आसान बनेगा।