प्रमोद कुमार, कैमूर
बिहार में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है। रविवार को भभुआ में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस के सांसदों ने महागठबंधन के भभुआ राजद कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।
भभुआ से राजद प्रत्याशी बिरेन्द्र सिंह कुशवाहा के समर्थन में पहुंचे बक्सर सांसद सुधाकर सिंह और सासाराम सांसद मनोज राम ने एनडीए के प्रत्याशियों पर जमकर हमला बोला। सांसदों का कहना था कि कई नेता, जिन्होंने पिछली बार राजद से चुनाव जीतकर एनडीए में शामिल हो गए थे, इस बार जनता उन्हें सबक सिखाएगी।
बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने कहा, “ये लोग केवल जुमलेबाज हैं। जनता के साथ धोखा किया है और सिर्फ वोट बैंक के लिए काम करते हैं। बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है।”
सासाराम सांसद मनोज राम ने भी एनडीए पर निशाना साधते हुए कहा कि भभुआ में पिछली बार भी एनडीए हार चुका है और इस बार भी जनता इसे दोहराएगी। उन्होंने बिहार की जनता के बदलते मूड का हवाला देते हुए महागठबंधन की सरकार बनने का दावा किया।
कार्यक्रम में राजद और कांग्रेस के सांसदों के साथ-साथ स्थानीय नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने महागठबंधन की ताकत का परिचय दिया।
सांसदों का एनडीए पर जुबानी हमला, भभुआ में महागठबंधन का प्रचार जोर पकड़ता दिखा

































