- 6 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान हो रहा है, राज्य के कई चर्चित नेताओं की साख दांव पर
मदन, भागलपुर
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के तहत गुरुवार, 6 नवंबर को राज्य के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। इस चरण में कुल 1,314 उम्मीदवार अपनी किस्मत आज़मा रहे हैं।
इस चरण में पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, मधेपुरा, सहरसा, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, शेखपुरा, नालंदा, बक्सर और भोजपुर जैसे राजनीतिक रूप से अहम जिलों में वोटिंग हो रही है।
मुख्य मुकाबला इस बार भी एनडीए और महागठबंधन के बीच माना जा रहा है, जबकि प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज और कई निर्दलीय प्रत्याशी समीकरण बिगाड़ने की कोशिश में हैं।
तेजस्वी बनाम सतीश कुमार: राघोपुर का रोमांचक मुकाबला
पूर्व उपमुख्यमंत्री और महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव राघोपुर से मैदान में हैं। उनके सामने बीजेपी के सतीश कुमार सिंह हैं, जिन्होंने 2010 में राबड़ी देवी को हराया था। यह सीट इस बार भी बेहद दिलचस्प मानी जा रही है।

तेज प्रताप की नई पार्टी का पहला इम्तिहान
लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव इस बार अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल के उम्मीदवार के रूप में महुआ से लड़ रहे हैं। उनके सामने आरजेडी के मुकेश रौशन हैं, जिन्होंने पिछला चुनाव जीता था।

सम्राट चौधरी का सियासी भविष्य तारापुर में दांव पर
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहली बार तारापुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका सीधा मुकाबला आरजेडी के अरुण कुमार से है। माना जा रहा है कि अगर जीत होती है तो सम्राट की राजनीतिक हैसियत को और मजबूत करेगी।

विजय कुमार सिन्हा फिर मैदान में
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और बीजेपी नेता विजय कुमार सिन्हा लखीसराय से लगातार चौथी बार चुनाव लड़ रहे हैं। वे एनडीए के कद्दावर चेहरों में गिने जाते हैं।

खेसारी लाल यादव से छपरा में आरजेडी को उम्मीद
भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव आरजेडी के टिकट पर छपरा से चुनाव मैदान में हैं। उनका मुकाबला बीजेपी की छोटी कुमारी से है, जिनके समर्थन में भोजपुरी स्टार पवन सिंह और दिनेश लाल यादव निरहुआ ने प्रचार किया था।

मैथिली ठाकुर की एंट्री से दिलचस्प हुआ अलीनगर
लोकगायिका मैथिली ठाकुर को बीजेपी ने दरभंगा की अलीनगर सीट से उतारा है। यहां उनका मुकाबला आरजेडी के विनोद मिश्र से है। यह सीट भी पहले चरण में सुर्खियों में है।

मोकामा में अनंत सिंह बनाम सूरजभान परिवार
मोकामा सीट पर बाहुबली नेताओं का मुकाबला चर्चा में है। जेडीयू के अनंत सिंह का सामना आरजेडी की वीणा देवी (सूरजभान सिंह की पत्नी) से है। हालिया हत्या के मामले में अनंत सिंह की गिरफ्तारी से सीट और भी चर्चित हो गई है।

गोपालगंज की भोरे सीट पर प्रीति किन्नर चर्चा में
प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने गोपालगंज की भोरे सीट से ट्रांसजेंडर प्रीति किन्नर को टिकट दिया है। यह बिहार की पहली ऐसी प्रत्याशी हैं जिन्हें किसी प्रमुख पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है।

शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब पर सबकी निगाहें
सिवान की रघुनाथपुर सीट से ओसामा शहाब, आरजेडी उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। वे दिवंगत बाहुबली नेता शहाबुद्दीन के बेटे हैं। पहली बार चुनावी मैदान में उतरने के कारण यह सीट खास ध्यान खींच रही है।

वैशाली में लंदन रिटर्न शिवानी शुक्ला का डेब्यू
वैशाली की लालगंज सीट से आरजेडी ने शिवानी शुक्ला को टिकट दिया है। वे बाहुबली मुन्ना शुक्ला की बेटी हैं और लंदन की लीड्स यूनिवर्सिटी से वकालत की पढ़ाई कर चुकी हैं। उनके सामने बीजेपी के संजय कुमार सिंह हैं।

नीतीश के संकटमोचक विजय चौधरी भी मैदान में
समस्तीपुर की सरायरंजन सीट से जेडीयू के विजय कुमार चौधरी चुनाव लड़ रहे हैं। उन्हें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का भरोसेमंद नेता माना जाता है।
इसी चरण में बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे भी सिवान से मैदान में हैं। उनके सामने आरजेडी के अवध बिहारी चौधरी हैं।


आंकड़ों में पहला चरण
कुल सीटें: 121
जिले: 18
उम्मीदवार: 1,314
मतदान केंद्र: 90,712
कुल मतदाता: 7 करोड़ 43 लाख से अधिक
दूसरा चरण मतदान: 11 नवंबर (20 जिलों की 122 सीटें)
मतगणना: 14 नवंबर
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में कई दिग्गज नेताओं की किस्मत ईवीएम में कैद हो चुकी है। तेजस्वी से लेकर सम्राट चौधरी और खेसारी लाल से लेकर मैथिली ठाकुर तक — सभी के लिए यह चरण सियासी भविष्य तय करने वाला साबित हो सकता है।

































