भोजपुरी की ग्लैमरस स्टार ‘सीमा सिंह’ सियासत में कदम रखने से पहले ही हुईं हिट विकेट, चिराग पासवान की पार्टी को बड़ा नुकसान

  • मढ़ौरा सीट पर एनडीए को झटका — लोजपा(आर) उम्मीदवार सीमा सिंह का नामांकन रद्द

न्यूज स्कैन ब्यूरो, छपरा/पटना
बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले एनडीए को एक बड़ा झटका लगा है। छपरा जिले के मढ़ौरा विधानसभा क्षेत्र से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की उम्मीदवार सीमा सिंह का नामांकन रद्द कर दिया गया है। निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार, नामांकन पत्रों की जांच के दौरान उनके दस्तावेजों में तकनीकी खामियां पाई गईं, जिसके कारण उनका नामांकन अस्वीकृत कर दिया गया।
सीमा सिंह को एनडीए की सहयोगी पार्टी लोजपा (रामविलास) ने मढ़ौरा सीट से अपना प्रत्याशी घोषित किया था। लेकिन चुनावी मैदान में उतरने से पहले ही उनका नामांकन रद्द हो जाना चिराग पासवान की पार्टी और पूरे एनडीए गठबंधन के लिए एक राजनीतिक झटका माना जा रहा है।

भोजपुरी की डांसिंग क्वीन से राजनीति तक का सफर

सीमा सिंह भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की लोकप्रिय डांसिंग क्वीन मानी जाती हैं। अपने ग्लैमरस अंदाज़ और ऊर्जावान अदाकारी के चलते उन्हें दर्शकों के बीच “भोजपुरी की सनी लियोनी” कहा जाता है। उन्होंने सुपरस्टार दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ के साथ कई फिल्मों में काम किया है। उनके करियर की बड़ी पहचान बनी फिल्म ‘निरहुआ रिक्शावाला’ का चर्चित गीत —“मिसिर जी तू तो बाड़ बड़ा ठंडा”। इस गाने में उनके डांस ने भोजपुरी दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी।

कहां की हैं सीमा सिंह?

सीमा सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की रहने वाली हैं। उनकी शादी बिहार के नवादा जिले के रहने वाले सौरव सिंह से हुई है। मनोरंजन की दुनिया में सक्रिय रहने के बाद उन्होंने अब राजनीति में अपनी किस्मत आजमाने की कोशिश की थी, लेकिन नामांकन रद्द होने के बाद उनकी पहली ही राजनीतिक पारी अधूरी रह गई।

राजनीतिक हलकों में हलचल

मढ़ौरा सीट से सीमा सिंह के नामांकन रद्द होने के बाद एनडीए में नई हलचल मच गई है। अब देखना यह होगा कि चिराग पासवान इस सीट पर किसे उतारते हैं और क्या एनडीए यहां से अपना कब्जा बरकरार रख पाता है या नहीं।