न्यूज स्कैन ब्यरो, लखीसराय
भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को लखीसराय में चुनावी सभा के दौरान राजद-कांग्रेस गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार पूरी तरह ‘जंगलराज’ की चपेट में था, जहाँ उद्योग, व्यापार और रोजगार सब ठप पड़ गए थे और अपहरण-फिरौती ही एकमात्र धंधा रह गया था।
अमित शाह ने कहा कि लालू-राबड़ी शासनकाल में बिहार में घोटालों की लहर चली थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राजद की सरकारों ने देशभर में भ्रष्टाचार फैलाया और दस सालों में करीब 12 लाख करोड़ रुपये के घपले किए।
शाह ने कहा, “लालू-राबड़ी और कांग्रेस बिहार का भला नहीं कर सकते। लेकिन मोदी जी और नीतीश बाबू पर इतने सालों में चार आने का भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है। पूरा पैसा गरीबों के कल्याण पर खर्च हुआ है।”
केंद्रीय गृह मंत्री ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता जी और छठी मइया का अपमान किया है। उन्होंने कहा, “बिहार की धरती ऐसे अपमान को बर्दाश्त नहीं करती। 14 तारीख को जब डिब्बे खुलेंगे, तो गठबंधन का सफाया हो जाएगा।”
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया, जिससे माताओं-बहनों के सम्मान को नई ऊँचाई मिली। शाह बोले, “लखीसराय का सिंदूर सिर्फ रंग नहीं, सौभाग्य का प्रतीक है। मोदी जी ने इस सम्मान को पूरी दुनिया में बढ़ाया है।” सभा के अंत में शाह ने मतदाताओं से अपील की कि 6 नवंबर को एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में मतदान करें। उन्होंने कहा, “आपका एक-एक वोट नीतीश जी और मोदी जी के नेतृत्व में बिहार को विकसित राज्य बनाने की दिशा में योगदान देगा। यह वोट जंगलराज को लौटने से रोकने वाला होगा।”
अमित शाह का लालू-राबड़ी और कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले– ‘2005 से पहले बिहार में अपहरण-फिरौती ही था सबसे बड़ा धंधा’

































