न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
बिहार के शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए नए साल का तोहफा लेकर शिक्षा विभाग तैयार है। सूबे के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने घोषणा की है कि चतुर्थ चरण की शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया (TRE-4) जनवरी 2026 से शुरू हो जाएगी। इस बार केवल स्कूल शिक्षक ही नहीं, बल्कि पुस्तकालय अध्यक्ष (लाइब्रेरियन) और सहायक प्रोफेसरों के पदों पर भी बंपर बहाली होने वाली है। यह खबर बिहार के उन लाखों युवाओं के लिए बड़ी उम्मीद है जो लंबे समय से लाइब्रेरियन और चौथे चरण की शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे थे। पिछले कुछ वर्षों में बिहार ने जिस तेजी से 2 लाख से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की है, यह उसी कड़ी का अगला बड़ा हिस्सा है
15 जनवरी तक BPSC को जाएगी अधियाचना
शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि 31 जिलों से रिक्तियों की सूची प्राप्त हो चुकी है, जो लगभग 26 से 27 हजार के आसपास है। शेष 7 जिलों से रिक्तियां आते ही, 14 से 15 जनवरी तक बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को अधियाचना भेज दी जाएगी। सरकार का संकल्प है कि TRE-4 में रिक्तियों की संख्या 25 हजार से कम नहीं होगी।
पदों का पूरा विवरण (संभावित आंकड़े):
नए साल में शिक्षा विभाग कुल 46,546 पदों पर बहाली की तैयारी में है:
TRE-4 (स्कूल शिक्षक): लगभग 27,000 से 30,000 पद।
विशेष विद्यालय शिक्षक: 7,279 पद (दिव्यांग आवेदकों के लिए)।
लाइब्रेरियन (पुस्तकालय अध्यक्ष): 5,500 पद (हाईस्कूलों में)।
सहायक प्राध्यापक (Assistant Professor): 5,832 पद।
सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी: 935 पद।
‘रील्स’ बनाने वाले शिक्षकों पर गिरेगी गाज
शिक्षा मंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि स्कूल के दौरान रील बनाने वाले शिक्षकों और अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने भ्रष्टाचार के मामले में बेतिया, किशनगंज और मुजफ्फरपुर के अधिकारियों पर की गई कार्रवाई का हवाला देते हुए अनुशासन बनाए रखने की चेतावनी दी है।
प्राइवेट स्कूलों में RTE के तहत 25% कोटा अनिवार्य
आगामी सत्र 2026-27 से निजी स्कूलों में शिक्षा का अधिकार कानून (RTE) को कड़ाई से लागू किया जाएगा।
कमजोर और अलाभकारी समूह के बच्चों के लिए 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित होंगी।
नामांकन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ‘ज्ञानदीप पोर्टल’ लॉन्च किया गया है, जिसके माध्यम से ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे।
नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल प्रबंधनों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं:
मॉडल स्कूल और डिग्री कॉलेज: प्रत्येक प्रखंड में एक आदर्श विद्यालय और डिग्री कॉलेज की स्थापना की जाएगी।
सक्षमता परीक्षा: 5वीं सक्षमता परीक्षा 31 दिसंबर से ऑनलाइन आयोजित होगी।
STET परीक्षा: हाईस्कूलों में शिक्षकों और लाइब्रेरियन की बहाली से पहले संबंधित विषयों की STET परीक्षा ली जाएगी।
अशोक चौधरी मामला: मंत्री अशोक चौधरी की सहायक प्रोफेसर पद पर नियुक्ति के मामले में विभाग ने विश्वविद्यालय सेवा आयोग से राय मांगी है।

































