न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
बिहार दिवस 2026 के आयोजन को लेकर शनिवार को समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों और तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सह प्रभारी पदाधिकारी जिला सामान्य शाखा, भागलपुर ने विगत वर्ष आयोजित बिहार दिवस कार्यक्रम की कार्यवाही को पढ़कर सुनाया। इसके आधार पर इस वर्ष के आयोजन को और बेहतर व आकर्षक बनाने पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष 22 और 23 मार्च को सैंडिस कंपाउंड में बिहार दिवस 2026 का मुख्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, व्यंजन मेला और विभिन्न सरकारी विभागों की स्टॉल लगाई जाएंगी। इन स्टॉलों के माध्यम से विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता के सामने प्रदर्शित किया जाएगा।
इसके अलावा जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में निबंध प्रतियोगिता, वाक् प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता और रंगोली प्रतियोगिता आयोजित कराई जाएगी। इन प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भागलपुर के ऐसे विद्यार्थी और व्यक्ति, जिन्होंने किसी भी क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है, उन्हें भी बिहार दिवस समारोह के दौरान सम्मानित किया जाएगा। साथ ही जिले के स्वतंत्रता सेनानियों को भी सम्मान देकर उनकी सेवाओं को याद किया जाएगा।
बिहार दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों को जिले के महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा, ताकि वे अपने राज्य के इतिहास और विरासत से परिचित हो सकें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले के सभी कार्यालय प्रमुख अपने-अपने कार्यालयों की साफ-सफाई और रंग-रोगन सुनिश्चित करें। साथ ही 22 और 23 मार्च को सभी सरकारी कार्यालयों को नीले प्रकाश से रोशन करने की व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम में एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, एनएसएस और नेहरू युवा केंद्र (NYK) सहित विभिन्न संस्थाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में अपर समाहर्ता दिनेश राम, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) राकेश रंजन, जिला परिवहन पदाधिकारी जनार्दन प्रसाद सिंह, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी राजीव कुमार रवि तथा जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी रतन कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
बिहार दिवस 2026 की तैयारी तेज, सैंडिस कंपाउंड में 22-23 मार्च को होंगे विविध कार्यक्रम































