बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर बोला हमला, पीपा पुल का किया शिलान्यास

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, बिहपुर

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के कारण बिहार विकास की राह से भटक गया था और जनता को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा गया।

सम्राट चौधरी ने कहा कि पंद्रह साल के एनडीए शासन में राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने दावा किया कि आज बिहार में निवेश का माहौल है, सड़कें बेहतर हुई हैं, गरीबों को आवास और शौचालय की सुविधा मिली है, किसानों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है और युवाओं के लिए रोजगार व कौशल विकास की योजनाएं चल रही हैं।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने नई विकास परियोजना के रूप में पीपा पुल का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह पुल नदी पार करने की कठिनाइयों को दूर करेगा और आसपास के गांवों को शहर से जोड़ेगा। इससे न केवल लोगों की आवाजाही सुगम होगी बल्कि व्यापार और शिक्षा के अवसर भी बढ़ेंगे।

सभा में भारी संख्या में लोग उपस्थित थे, जिन्होंने उपमुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। मंच पर स्थानीय विधायक, भाजपा पदाधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

सम्राट चौधरी ने अपने भाषण के अंत में कहा कि बिहार के विकास यात्रा को अब कोई रोक नहीं पाएगा और आने वाले चुनाव में जनता फिर से एनडीए को बहुमत दिलाएगी।