न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
बिहार के औद्योगिक इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में डिफेंस कॉरिडोर (Defense Corridor) के निर्माण की जो घोषणा की है, वह केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि बिहार की तकदीर और तस्वीर बदलने वाला ‘ब्रह्मास्त्र’ साबित हो सकती है। रक्षा मंत्रालय के दिग्गजों के साथ हुई बैठक के बाद यह साफ है कि बिहार अब देश की सुरक्षा में सिर्फ जवान ही नहीं, बल्कि साजो-सामान भी देगा। सम्राट चौधरी की यह पहल बिहार को औद्योगिक अंधेरे से बाहर निकालने वाली ‘मशाल’ बन सकती है। यदि यह योजना जमीन पर उतरी, तो आने वाले दशकों में बिहार की गिनती भारत के सबसे शक्तिशाली औद्योगिक राज्यों में होगी।
जानिए बिहार के लिए ‘डिफेंस कॉरिडोर’ क्यों है क्रांतिकारी?
अभी तक बिहार की पहचान एक ऐसे राज्य की रही है जहाँ से लोग रोजगार के लिए बाहर जाते हैं। लेकिन डिफेंस कॉरिडोर इस पूरी धारणा को पलट सकता है:
मैन्युफैक्चरिंग हब का सपना: रक्षा उपकरणों के निर्माण के लिए भारी मशीनरी और उच्च तकनीक की जरूरत होती है। इससे बिहार में उन उद्योगों का रास्ता खुलेगा जो अब तक केवल दक्षिण या पश्चिम भारत तक सीमित थे।
गया (डोभी) का सामरिक महत्व: डोभी में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के साथ डिफेंस कॉरिडोर का जुड़ना एक मास्टरस्ट्रोक है। कोलकाता-दिल्ली रूट और लॉजिस्टिक कनेक्टिविटी के कारण यह क्षेत्र रक्षा उत्पादन के लिए सबसे मुफीद केंद्र बन सकता है।
रोजगार: 1 करोड़ के लक्ष्य की ओर बड़े कदम
बिहार के युवाओं के लिए यह सबसे बड़ी उम्मीद है। रक्षा क्षेत्र में लगने वाली इकाइयां केवल ‘लेबर’ नहीं बल्कि इंजीनियर्स, स्किल्ड वर्कर्स, और टेक-एक्सपर्ट्स की मांग करेंगी।
प्रत्यक्ष रोजगार के साथ-साथ हजारों सहायक उद्योग (Auxiliary Industries) पनपेंगे… जैसे नट-बोल्ट से लेकर पैकेजिंग और लॉजिस्टिक्स तक।
यह परियोजना मुख्यमंत्री के ‘रोजगार और स्वरोजगार’ के विजन को एक ठोस आधार देगी।
‘लेबर सप्लायर’ से ‘प्रोडक्शन हब’ तक का सफर
इस पहल का सबसे बड़ा मनोवैज्ञानिक और आर्थिक लाभ यह है कि बिहार अब ‘कंज्यूमर’ (उपभोक्ता) राज्य से ‘प्रोड्यूसर’ (उत्पादक) राज्य बनने की दिशा में कदम बढ़ा चुका है। जब रक्षा क्षेत्र की बड़ी कंपनियां (Tata, Reliance, या विदेशी कंपनियां) बिहार में निवेश करेंगी, तो राज्य की जीडीपी में रिकॉर्ड उछाल आना तय है।
कुछ चुनौतियां भी हैं और सवाल भी
सिंगल विंडो क्लीयरेंस: क्या रक्षा क्षेत्र की दिग्गज कंपनियों को बिहार की लालफीताशाही से मुक्ति मिलेगी?
कुशल कार्यबल: क्या हमारे आईटीआई (ITI) और पॉलिटेक्निक संस्थान रक्षा उत्पादन के मानकों वाले छात्र तैयार कर पाएंगे?
































