बिहार NDA सीट बंटवारा तय : जेडीयू 102, भाजपा 101, चिराग की पार्टी 20 और छोटे दलों को 10-10 सीटें

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर एनडीए (NDA) गठबंधन में सीट बंटवारे की तस्वीर अब लगभग साफ हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिल्ली दौरे के बाद गठबंधन दलों के बीच अंतिम सहमति बन गई है।
सूत्रों के मुताबिक, इस बार जेडीयू (JDU) 102 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि भाजपा (BJP) 101 सीटों पर मैदान में उतरेगी। चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 20 सीटें दी गई हैं। वहीं, जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) को 10-10 सीटों पर चुनाव लड़ने का अवसर मिला है।

2020 के विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार भाजपा और जेडीयू दोनों को कम सीटों पर समझौता करना पड़ा है। पिछली बार भाजपा 110 सीटों पर लड़ी थी और 74 सीटों पर जीत हासिल की थी। जेडीयू ने 115 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 43 पर जीत दर्ज की थी। इस बार दोनों पार्टियां क्रमशः 101 और 102 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि एनडीए ने छोटे सहयोगियों को महत्व देकर एक संतुलित रणनीति अपनाने की कोशिश की है। आने वाले चुनावी नतीजे तय करेंगे कि यह फार्मूला कितना सफल होता है।