कैमूर में बीजेपी को बड़ा झटका: पूर्व विधायक बृज किशोर बिंद और निरंजन राम राजद में शामिल

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
चैनपुर और मोहनियां विधानसभा क्षेत्रों के पूर्व विधायक बृज किशोर बिंद और निरंजन राम ने बीजेपी को अलविदा कह दिया है और राजद में शामिल हो गए हैं। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में दोनों नेताओं ने राजद की सदस्यता ग्रहण की, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चा का बाजार गर्म हो गया है।
चैनपुर से लगातार तीन बार जीत दर्ज कर दो बार मंत्री पद संभालने वाले बृज किशोर बिंद लंबे समय से पार्टी से नाराज थे। उनका गुस्सा तब और बढ़ गया जब बसपा से जीतकर जमा खान जदयू में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री बने और भाजपा को चैनपुर से सीट नहीं मिली। इसी के चलते बृज किशोर बिंद ने अपना पल्ला बदलने का मन बना लिया।
वहीं मोहनियां से दो बार विधायक रह चुके निरंजन राम ने भी अपना रुख बदल लिया। 2020 में राजद से जीतने वाली संगीता कुमारी ने भाजपा में शामिल होकर अपनी सीट पर कब्जा कर लिया, जिसके चलते क्षेत्र में असंतोष फैला। इस मौके का फायदा उठाते हुए निरंजन राम ने राजद में शामिल होकर राजनीतिक वापसी की।

अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान ने कहा कि “NDA एक बड़ी पार्टी है और पार्टी ने इन नेताओं को काफी सम्मान दिया है। इनके जाने से पार्टी पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा।”
विश्लेषकों का मानना है कि यदि चैनपुर से बृज किशोर बिंद और मोहनियां से निरंजन राम राजद के टिकट पर चुनाव लड़ते हैं, तो बीजेपी के लिए समीकरण बिगड़ सकता है। चैनपुर में बिंद समुदाय की अधिकता और मोहनियां में निरंजन राम की वापसी भाजपा की संभावनाओं के लिए चुनौती साबित हो सकती है।
इस परिस्थिति में कैमूर की चार में से दो सीटें भाजपा को गंवानी पड़ सकती हैं। राजनीतिक माहौल अब और गर्म होता नजर आ रहा है।