मकर संक्रांति पर भभुआ में पतंग प्रतियोगिता, कक्षा 1 से 8 तक की छात्राओं ने दिखाया उत्साह

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर

मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर कैमूर जिले के भभुआ स्थित राजकीय कन्या मध्य विद्यालय में पतंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कक्षा एक से आठ तक की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के साथ-साथ विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अंजू कुमारी सहित सभी शिक्षिकाएं भी प्रतियोगिता में शामिल हुईं, जिससे आयोजन और भी उत्सवपूर्ण बन गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। छात्राएं रंग-बिरंगी पतंगें उड़ाती नजर आईं और एक-दूसरे का हौसला बढ़ाती रहीं। इस आयोजन का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना रहा।
इस संबंध में राजकीय कन्या मध्य विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अंजू कुमारी ने बताया कि पतंग प्रतियोगिता का आयोजन छात्राओं में नई गतिविधियों के प्रति रुचि और उत्साह पैदा करने के लिए किया गया है। उन्होंने बताया कि मकर संक्रांति के दिन भभुआ के हवाई अड्डा मैदान में विद्यालय की ओर से पतंग प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसमें सीमित संख्या में छात्राओं ने भाग लिया था। इससे कुछ छात्राओं में निराशा देखी गई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए विद्यालय परिसर में ही दोबारा प्रतियोगिता आयोजित की गई, ताकि सभी छात्राओं को भाग लेने का अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं को यह संदेश दिया गया है कि वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रयासरत रहें। पतंग की तरह ऊंची उड़ान भरने का संदेश देकर छात्राओं को आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रतियोगिता के समापन पर विद्यालय प्रशासन की ओर से छात्राओं की सराहना की गई और भविष्य में इस तरह के रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन दिया गया।