न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
बिहार विधानसभा चुनाव के बाद नवनिर्वाचित विधायकों को पटना में सरकारी आवास आवंटित कर दिए गए हैं। आवंटन सूची के अनुसार भागलपुर जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों के विधायक अब राजधानी में एक-दूसरे के पड़ोसी बनेंगे। दिलचस्प बात यह है कि कई विधायक एक ही ब्लॉक में तो कई बिल्कुल अगल-बगल के घरों में रहेंगे।
भागलपुर जिले के सातों विधायक के एक दूसरे के पड़ोसी बन जाने से राजनीतिक संवाद और तालमेल मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।
कौन किसके पड़ोसी बने?
सूची के अनुसार—बिहपुर विधायक कुमार शैलेन्द्र औरगोपालपुर विधायक बुलो मंडल (शैलेश कुमार ऊर्फ बूलो मंडल)→ दोनों का आवास ब्लॉक–08 में है और एक-दूसरे के समीप आवंटित हुआ है।
पीरपैंती के विधायक मुरारी पासवान भी इन्हीं के पड़ोस वाले ब्लॉक–08 में रहेंगे। कहलगांव विधायक शुभानंद मुकेश का आवास भी इन्हीं के बगल के ब्लॉक में मिला है, जिससे ये चारों पास-पास रहेंगे।
भागलपुर विधायक रोहित पांडेय (शहर)→ इन्हें ब्लॉक–09 में आवंटन मिला है, जो कहलगांव विधायक के नजदीक है।
नाथनगर विधायक मिथुन यादव और
सुल्तानगंज विधायक ललित नारायण मंडल→ दोनों का आवास ब्लॉक–09 में ही है और दोनों बिल्कुल साथ वाले आवास में रहेंगे।
इस तरह भागलपुर जिले के सातों विधायक पटना में एक-दूसरे के नजदीक रहेंगे, जिससे जिले से जुड़े मुद्दों को समन्वय के साथ उठाया जा सकेगा।
243 विधायकों को मिला सरकारी आवास
विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी आवंटन सूची के अनुसार सभी 243 नवनिर्वाचित विधायकों को पटना में आवास दे दिया गया है। ब्लॉक 08, 09, 10, 11, 15, 16 और 17 में अधिकांश विधायकों को घर आवंटित किए गए हैं। अब बिहार की राजनीति का ‘नया पड़ोस’ तैयार — जहां सत्ता, विपक्ष और विभिन्न जिलों के नेता एक साथ रहेंगे और आने वाले पांच वर्षों की रणनीति भी यहीं से आकार लेगी।

































