भागलपुर में नाथनगर व्यायाम कला केंद्र का शताब्दी वर्ष समारोह आज

  • पारंपरिक युद्ध कौशल से लेकर पुस्तक विमोचन और प्रतिमा अनावरण तक कई आकर्षण

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
कोशकी नाथ झा लेन, चंपानगर स्थित व्यायाम कला केंद्र (VKK) अपनी स्थापना के 100वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। शारीरिक, मानसिक और सामाजिक प्रशिक्षण के इस ऐतिहासिक केंद्र द्वारा वर्ष 2025 को शतक महोत्सव वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में आज भव्य शताब्दी समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
मुख्य अतिथि कुलपति, उद्घाटन करेंगे एसएसपी
शताब्दी समारोह में तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (TMBU) के कुलपति प्रो. बिमलेंदु शेखर झा मुख्य अतिथि होंगे। वहीं कार्यक्रम का उद्घाटन एवं शताब्दी वर्ष पर आधारित पुस्तक का विमोचन भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हृदयकांत द्वारा किया जाएगा।
इसके अलावा बीएनएमयू के रजिस्ट्रार आशोक बकुर, अदम्य आदिति गुरुकुल के ओम गुरु एम. रहमान, तथा प्रो. डी. इशाद अली भी बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे।

पारंपरिक युद्धकला और अन्य प्रस्तुतियाँ आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम में विलुप्त होती पारंपरिक युद्धकला, मल्लखंब, योग और शक्ति प्रदर्शन की विशेष प्रस्तुतियाँ युवा प्रशिक्षार्थी देंगे। VKK परिसर को सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक वातावरण में सजाया गया है।

इतिहास: 1925 में रखी गई थी नींव

व्यायाम कला केंद्र की स्थापना वर्ष 1925 में श्री जे. चंद्रशेखर उर्फ चांद मिसर द्वारा की गई थी।
नाथनगर की इस मिट्टी में शुरू हुआ यह केंद्र उस दौर में युवाओं को शारीरिक प्रशिक्षण, आत्मबल, अनुशासन और सेवा की शिक्षा देने का प्रमुख संस्थान बन गया था।
संस्थापक चंद्रशेखर झा का उद्देश्य था—”शरीर का बल ही स्वतंत्र और मजबूत मन का आधार है।”
इसी विचार पर आगे बढ़ते हुए केंद्र ने 1935 से 1950 के बीच ग्रामीण बिहार में योग, स्वास्थ्य, साक्षरता और समाज सेवा का बड़ा अभियान चलाया।
केंद्र के प्रारंभिक शिष्यों में लक्ष्मण पंडित, अजबलाल घोसी, चेय घोसी, बाबूलाल यादव, डोमन यादव और जगदीश सिंह जैसे नाम शामिल रहे।

प्रतिमा अनावरण और पुस्तक विमोचन

शताब्दी वर्ष पर संस्थापक की प्रतिमा का अनावरण तथा VKK की गौरवगाथा पर आधारित स्मृति पुस्तक का विमोचन समारोह का मुख्य आकर्षण है।
इस पुस्तक में केंद्र की स्थापना, विकास, गुरु-परंपरा, समाज सेवा और ऐतिहासिक यात्रा का विस्तृत विवरण शामिल है।

सजय कुमार झा ने मीडिया और नागरिकों से की उपस्थिति की अपील

व्यायाम कला केंद्र के प्रमुख सजय कुमार झा ने सभी प्रेस/मीडिया प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और पूर्व प्रशिक्षार्थियों से कार्यक्रम में शामिल होकर युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की अपील की है।
समारोह आज शाम 4 बजे, व्यायाम कला केंद्र परिसर, नावनगर में आयोजित किया जाएगा।