न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
जिला परिषद, भागलपुर की सामान्य बैठक गुरुवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल ने की। बैठक में जिला परिषद सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों एवं विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं को एजेंडावार उठाया।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण (पीएचईडी), खेल, विद्युत, ग्रामीण कार्य विभाग एवं स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सदस्यों द्वारा उठाए गए प्रश्नों पर संबंधित विभागों ने बिंदुवार जवाब दिया, वहीं जिन मामलों में आगे कार्रवाई की आवश्यकता थी, उन पर शीघ्र सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया।
ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए पेयजल व्यवस्था पर निर्देश
आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के अधिकारियों को जिले के विभिन्न प्रखंडों में पूर्व से स्थापित चापाकलों की मरम्मत कराने एवं आवश्यकता अनुसार नए चापाकलों की स्थापना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में नल-जल योजना के अंतर्गत आम जनता को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अविलंब कार्रवाई करने को कहा गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर तारों को बदलने, पोल और तारों की शिफ्टिंग करने तथा आवश्यकता अनुसार नए पोल, तार और ट्रांसफार्मर की स्थापना कराने का निर्देश दिया गया, ताकि ग्रामीण इलाकों में विद्युत आपूर्ति को बेहतर बनाया जा सके।
वित्त आयोग की योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक के दौरान जिला परिषद द्वारा संचालित षष्ठम राज्य वित्त आयोग एवं 15वें वित्त आयोग से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त लंबित योजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए संबंधित सदस्यों से प्रभावी पर्यवेक्षण करने का अनुरोध किया गया। सदस्यों को उपलब्ध आवंटन की जानकारी देते हुए, उसके अनुरूप योजनाओं की सूची और विवरण उपलब्ध कराने को कहा गया। साथ ही पंचम वित्त आयोग के प्रतिनिधायन मद से भी योजनाओं के प्रस्ताव मांगे गए।
डाक बंगला मरम्मत और जिला परिषद संपत्ति के उपयोग पर निर्णय
बैठक में बिहपुर, सन्हौला, पीरपैंती और कहलगांव स्थित डाक बंगला में आवश्यक मरम्मत कार्य और फर्नीचर की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग सदस्यों ने रखी, जिस पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इसके अलावा जिला परिषद के स्वामित्व वाली भूमि और भवनों की पहचान, पैमाइश, घेराबंदी तथा राजस्व सृजन के उद्देश्य से नई संरचनाओं के निर्माण का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
जेपी कॉलेज को भूमि लीज पर देने का प्रस्ताव मंजूर
नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत जिला परिषद की भूमि को जेपी कॉलेज, नारायणपुर को लीज पर देने संबंधी प्रस्ताव को बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों एवं अध्यक्ष द्वारा सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
बैठक में कुल 19 संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि, मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला अभियंता, जिला परिषद, भागलपुर तथा निदेशक, डीआरडीए (एनईपी) उपस्थित रहे।
जिला परिषद की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, पेयजल और बिजली व्यवस्था पर विशेष जोर
































