वार्ड 50 और 51 में पानी के लिए हाहाकार: लोगों का फूटा गुस्सा, निगम कार्यालय में बोला हल्ला

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
नगर निगम दक्षिणी क्षेत्र के वार्ड 50 और 51 की जनता लंबे समय से पानी की समस्या से परेशान है। सोमवार की दोपहर करीब 1 बजे बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायत लेकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे।

स्थानीय पार्षद से कई बार समस्या बताने के बाद भी जब कोई समाधान नहीं मिला तो लोग सीधे नगर आयुक्त से मिलने पहुंचे। हालांकि, आयुक्त से उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। इससे आक्रोशित होकर लोगों ने जलकल शाखा के कर्मचारियों के समक्ष अपनी पीड़ा रखी।

लोगों का कहना है कि वार्ड 50 और 51 के करीब 500 घर पानी की समस्या से प्रभावित हैं। स्थिति ऐसी है कि उन्हें पानी की आवश्यकता पूरी करने के लिए ठाकुरबाड़ी या एक-दूसरे के घरों से पानी ढोकर लाना पड़ता है।

नाराज लोगों ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘हर घर नल जल योजना’ यहाँ धराशायी साबित हो रही है। लोगों ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि हाथ जोड़कर वोट मांगते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर दिया जाता है।