18 और 21 जनवरी को पुलिस अवर निरीक्षक प्रारंभिक परीक्षा: 21 केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा, डीएम–एसएसपी ने की समीक्षा बैठक

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
बिहार पुलिस अवर सेवा चयन आयोग, पटना द्वारा आयोजित पुलिस अवर निरीक्षक (सब इंस्पेक्टर) पद की प्रारंभिक लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त ढंग से संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव की संयुक्त अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा केंद्रों के अधीक्षक, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन ने बताया कि प्रारंभिक लिखित परीक्षा 18 जनवरी (रविवार) एवं 21 जनवरी (बुधवार) को दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
प्रथम पाली: पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे तक
द्वितीय पाली: अपराह्न 02:30 बजे से 04:30 बजे तक
भागलपुर जिले में 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
18 जनवरी को 8,832 एवं 21 जनवरी को 8,827 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
प्रवेश समय व सख्त दिशा-निर्देश
प्रथम पाली के लिए अभ्यर्थियों का रिपोर्टिंग समय सुबह 08:30 से 09:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली के लिए दोपहर 01:00 से 02:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। परीक्षा समाप्ति तक किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही परीक्षा के अंतिम 30 मिनट में शौचालय जाने की अनुमति भी नहीं दी जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं।
22 स्टैटिक दंडाधिकारी-सह-प्रेक्षक
12 गश्ती दल-सह-जोनल दंडाधिकारी
06 उड़नदस्ता दल-सह-सुपर जोनल दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।
परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा, जैमर एवं बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू रहेगी। केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं वीक्षक मोबाइल फोन नहीं रख सकेंगे। विशेष परिस्थिति में केवल की-पैड मोबाइल की अनुमति होगी।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।