भागलपुर। शहर के सांस्कृतिक जीवन में नई जान फूंकने जा रही है नाट्य प्रस्तुति ‘डार्क लाइफ’, जिसका मंचन आगामी 20 जुलाई को स्थानीय टाउन हॉल में संध्या 6 बजे से किया जाएगा। इस आयोजन की पहल सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था ‘संबंध’ द्वारा की गई है और निर्देशन की कमान संभाली है युवा रंगकर्मी रितेश रंजन ने।
‘डार्क लाइफ’ नाटक सामाजिक यथार्थ की गहराइयों को छूता हुआ दर्शकों को एक नई सोच और गंभीर अनुभूति प्रदान करेगा। नाटक को लेकर भागलपुर के रंगमंच प्रेमियों, कलाकारों और दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। यह प्रस्तुति शहर के रंगमंच पर लंबे समय बाद हो रही एक महत्वपूर्ण वापसी मानी जा रही है। नाटक की तैयारी को लेकर विगत कई महीनों से निरंतर पूर्वाभ्यास जारी है। कलाकारों द्वारा अभिनय, संवाद और मंचीय संयोजन को प्रभावशाली बनाने के लिए गहन प्रशिक्षण और मेहनत की जा रही है। निर्देशक रितेश रंजन ने बताया कि यह नाटक न केवल एक कलात्मक प्रयास है, बल्कि समाज को एक जरूरी संदेश भी देगा। विशेष बात यह है कि इस नाटक के कलाकार उसी अभिनय कार्यशाला से चयनित हैं, जो संस्था संबंध द्वारा पिछले महीने आयोजित की गई थी। इस कार्यशाला के माध्यम से नवोदित कलाकारों को मंचीय अनुशासन, संवाद अदायगी और भावाभिव्यक्ति की तकनीकी बारीकियाँ सिखाई गईं।

प्रमुख कलाकारों में सुमित मिश्रा, शशिकांत, आयुष चंद्र झा, श्रेया, उमा भारती, प्रेम सागर, सूर्यांश साकेत और आशीष कुमार शामिल हैं, जो अपनी-अपनी भूमिकाओं में दर्शकों को भावनात्मक रूप से छूने को तैयार हैं। शहर के कई वरिष्ठ रंगकर्मी एवं सांस्कृतिक संगठनों ने इस पहल का स्वागत किया है और कहा है कि भागलपुर में लंबे समय बाद कोई ऐसी पेशेवर रंगमंचीय प्रस्तुति देखने को मिलेगी, जो नए कलाकारों को मंच देने के साथ-साथ दर्शकों को विचारोत्तेजक अनुभव भी देगी। ‘डार्क लाइफ’ से जुड़ी इस नाट्य संध्या को लेकर दर्शकों में भारी उत्सुकता है, और उम्मीद की जा रही है कि यह आयोजन भागलपुर के सांस्कृतिक परिदृश्य को नई दिशा देने का कार्य करेगा।

































