राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भागलपुर का शानदार प्रदर्शन, 1 स्वर्ण सहित 4 पदक जीतकर बढ़ाया मान

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप–2025 का सफल आयोजन 19 से 22 दिसंबर तक खेल भवन, जहानाबाद जिला में किया गया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में भागलपुर जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल चार पदक अपने नाम किए—जिसमें एक स्वर्ण, एक रजत एवं दो कांस्य पदक शामिल हैं।
भागलपुर की तुलसी कुमारी ने 69 किलोग्राम सीनियर महिला वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। उन्होंने स्नैच स्पर्धा में 75 किलोग्राम तथा क्लीन एंड जर्क में 96 किलोग्राम भार उठाकर कुल 171 किलोग्राम का सफल लिफ्ट किया।
वहीं, प्रीति कुमारी ने 58 किलोग्राम जूनियर वर्ग में कांस्य पदक प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में रोहित कुमार राणा ने 79 किलोग्राम भार वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया, जबकि चिराग आनंद ने इसी भार वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया।
भागलपुर वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीण कुमार झा एवं सचिव नीरज कुमार राय ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर संघ के मनीष कुमार, बिपिन कुमार सिंह, आराधना मिश्रा, रवि कुमार, ममता कुमारी, रूपम झा, अनुज कुमार सिंह, रवि शंकर कुमार, शेखर गुप्ता, शैलेन्द्र कुमार, रंजीत कुमार सिंह, छाया राय, जस्सू एवं दुर्गेश सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि भागलपुर के खिलाड़ी लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, जो जिले के खेल भविष्य के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने आने वाली प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और अनुशासन बनाए रखने की प्रेरणा दी।