न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
बिहार मौसम सेवा केंद्र और जिला प्रशासन के निर्देश के अनुसार भागलपुर जिले में अगले दो दिनों तक अत्यधिक ठंड और ठिठुरन की चेतावनी जारी है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि राज्य के अधिकांश जिलों में रात का तापमान 5–10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, साथ ही सुबह और शाम के समय कोहरा छाए रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे कम तापमान गया जिले के फ़तेहपुर प्रखंड में 4.5°C दर्ज किया गया, जबकि जमुई के झाझा प्रखंड में अधिकतम तापमान 20.6°C रहा। राज्य के कई जिलों में मध्यम से तेज़ गति की हवा के कारण पवन ठिठुरन का खतरा भी बढ़ा है।
इस स्थिति को देखते हुए जिला दंडाधिकारी, भागलपुर, डॉ. नवल किशोर चौधरी ने जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों (प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, कोचिंग संस्थान सहित) की कक्षा 8 तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर दिनांक 10 जनवरी 2026 तक प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है।
कक्षा 9 और इससे ऊपर की कक्षाओं के लिए स्कूल सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक ही खुलेंगे। प्री-बोर्ड और बोर्ड परीक्षाओं के लिए विशेष कक्षाओं पर यह आदेश लागू नहीं होगा।
जिला प्रशासन ने सभी प्राचार्य और प्रधानाध्यापकों को इस आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया है। साथ ही पुलिस और सूचना जनसंपर्क विभाग को भी आवश्यक कार्रवाई और प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी:
अगले 2 दिनों तक अधिकांश जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति बनी रहेगी। सुबह और शाम के समय हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा। ठिठुरन के कारण स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए।

































