आंतरिक संसाधन की प्रगति की समीक्षा, राजस्व वसूली में तेजी लाने का निर्देश

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में आंतरिक संसाधनों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा निर्धारित वार्षिक राजस्व लक्ष्य के विरुद्ध नवंबर माह तक की गई वसूली की स्थिति की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान वाणिज्य कर, निबंधन, परिवहन, राजस्व, खान एवं भूतत्व, राष्ट्रीय बचत, मत्स्य, नीलाम पत्र, वन विभाग, कृषि, सहकारिता, नगर निगम, माप-तौल विभाग एवं औषधि विभाग की वसूली प्रगति प्रस्तुत की गई। बैठक में यह पाया गया कि नवंबर माह तक सभी विभागों की औसत वसूली लगभग 50 प्रतिशत रही है।
जिलाधिकारी ने इस प्रगति को अपेक्षा से कम बताते हुए सभी विभागों को राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा बकाया राजस्व की वसूली पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने भागलपुर जिले के सभी अंचल अधिकारियों से दाखिल-खारिज, परिमार्जन एवं वासगीत पर्चा वितरण की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि दाखिल-खारिज और परिमार्जन के मामलों में अनावश्यक देरी न हो और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जाए।
बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) सहित संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।