न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
नागरिक विकास समिति (सामाजिक संस्था) की इस वर्ष की प्रथम बैठक लालबाग (तिलकामांझी) में रमण कर्ण की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक के अवसर पर “स्मार्ट सिटी अब एजुकेशन सिटी बनने को तैयार” विषय पर एक विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें भागलपुर को शिक्षा के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं, चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई।
संगोष्ठी में यह निर्णय लिया गया कि एजुकेशन सिटी के मार्ग में आ रही समस्याओं, आवश्यक संसाधनों और नीतिगत सुधारों को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन तैयार कर सरकार एवं जिला प्रशासन को सौंपा जाएगा। विषय प्रवेश शिक्षाविद डॉ. राजीव कांत मिश्रा ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में महापौर डॉ. वसुंधरा लाल, उप महापौर डॉ. सलाउद्दीन अहसन, भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष कुमार, पूर्व कुलपति डॉ. पवन पोद्दार, डॉ. आर.के. सिंह, अभय कांत झा, डॉ. सतीश कुमार, डॉ. अर्चना, डॉ. नीलिमा राजहंस एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट प्रदीप झुनझुनवाला ने अपने विचार रखे।
महापौर डॉ. वसुंधरा लाल ने कहा कि शहरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए वे हमेशा तत्पर हैं और भागलपुर को एजुकेशन सिटी बनाने के लिए जो भी आवश्यकता होगी, उसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने दक्षिणी क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की दिशा में किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी।
उप महापौर डॉ. सलाउद्दीन अहसन ने कहा कि भागलपुर को एक मजबूत एजुकेशन हब के रूप में विकसित करने की जरूरत है और इस दिशा में नागरिक विकास समिति की पहल सराहनीय है।
भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष कुमार ने कहा कि भागलपुर के समग्र विकास पर सरकार का विशेष फोकस है।
डॉ. राजीव कांत मिश्रा ने एजुकेशन सिटी के रास्ते में मौजूद प्रशासनिक एवं संरचनात्मक चुनौतियों को रेखांकित किया, जबकि पूर्व कुलपति डॉ. पवन पोद्दार ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्रों के प्लेसमेंट और डिमांड आधारित कोर्स पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
समिति के सचिव सतनारायण प्रसाद एवं संगठन सचिव आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि संस्था ने पूरे वर्ष के लिए कार्ययोजना तैयार की है, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, निःशुल्क मेडिकल कैंप और सामाजिक सद्भावना से जुड़े कार्यक्रम शामिल हैं। बैठक में समिति ने सैंडिस कंपाउंड में टहलने वालों से प्रवेश शुल्क न लेने की अपील भी की।
विचार-विमर्श सत्र में बड़ी संख्या में शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शहर के गणमान्य लोगों ने भाग लिया, जिनमें प्रमुख रूप से डॉ. संजय निराला, प्रो. मनोज कुमार, प्रो. एजाज अली रोज, रमन शाह, अजय सिंह, दीपक शर्मा, डॉ. बिहारी लाल, फरहत जबी जुगनू, राजेश कुमार, दीपक सिंह, मनोज सिंह, इम्तियाज, मो. आफताब, महताब, कौशल ठाकुर, विनोद पंडित, पूजा बची, रत्ना गुप्ता, सुमन आनंद, रेखा, डॉ. सविता, संतोष कुमार सिन्हा, शैलेंद्र मिश्रा, विद्यानंद सिंह, डॉ. तबरेज अख्तर, अफरोज आलम, यासिर परवेज, निशांत झा, अभिषेक कुमार, जसविंदर सिंह, रजनीश कुमार, जितेंद्र घोष, आशीष आनंद सहित कई लोग उपस्थित थे।


































