भागलपुर रंग महोत्सव 2025 की तैयारी तेज, 20 से 22 दिसंबर तक होगा आयोजन

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

रंगकर्म, लोककला और राष्ट्रीय एकता को समर्पित रंगग्राम जन सांस्कृतिक मंच, भागलपुर द्वारा आयोजित भागलपुर रंग महोत्सव 2025 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। महोत्सव 20 से 22 दिसंबर तक कला केंद्र, लाजपत पार्क में आयोजित होगा। इसी को लेकर रविवार को बूढ़ानाथ चौक स्थित एसएमएस स्कूल परिसर में आयोजन समिति की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता आयोजन समिति के वरीय सदस्य डॉ. महेश राय ने की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बिहार के अलावा मणिपुर, असम, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से आने वाले कलाकारों के सम्मान के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। समिति ने कहा कि इस बार भागलपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कलाकारों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। उनकी प्रस्तुति न केवल मंच पर बल्कि रंग जुलूस में भी शामिल की जाएगी।
समिति ने युवा महोत्सव में इस वर्ष रंगमंच को स्थान नहीं दिए जाने पर आपत्ति जताते हुए प्रस्ताव पारित किया कि पूर्व की भांति इस वर्ष भी नाटक को उसका उचित स्थान मिलना चाहिए।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. महेश राय ने कहा कि भागलपुर रंग महोत्सव वर्ष 2012 से राष्ट्रीय एकता का सशक्त प्रतीक बनकर लगातार आयोजित हो रहा है। इस वर्ष विभिन्न भारतीय भाषाओं में सामाजिक सरोकार से जुड़े नाटकों का मंचन किया जाएगा, जिसका साक्षी भागलपुर बनेगा। उन्होंने महोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की।
बैठक में महबूब आलम, तरुण किरण, सुमन सोनी, श्रीप्रकाश चौधरी, तरुण घोष, कौशल किशोर सिंह, राजेश झा, प्रकाश चंद्र गुप्ता, तकी अहमद जावेद, साधना मिश्रा, डॉ. वसीम राजा, सचिदानंद किरण, सत्येंद्र भास्कर, शांतनु गांगुली, मनोज पंडित, रवि सिंह, जयंती झा, दीपक कुमार सहित कई सदस्य मौजूद थे। बैठक का संचालन कार्यक्रम निदेशक कपिल देव रंग ने किया।