आगामी विधानसभा चुनाव को भागलपुर में पुलिस एवं CAPF की संयुक्त टीम द्वारा सघन वाहन जांच अभियान

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र विधि-व्यवस्था संधारण एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से भागलपुर पुलिस एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की संयुक्त टीम द्वारा शुक्रवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संचालित किया गया, जिसमें मुख्य रूप से संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं बिना कागजात के चल रहे वाहनों की जांच की गई। संयुक्त दल ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कर वाहनों की तलाशी ली। जांच के दौरान पुलिस ने लोगों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगामी दिनों में और तेज किया जाएगा, ताकि चुनावी अवधि में किसी भी प्रकार की असामाजिक या आपराधिक गतिविधि पर रोक लगाई जा सके। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि या कानून तोड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।