भागलपुर में करंट की चपेट में आए बिजलीकर्मी की मौत

न्यूज स्कैन ब्यूरो, भागलपुर

जीरोमाइल थाना क्षेत्र के ज्योति बिहार कॉलोनी स्थित सब-डिवीजन कार्यालय के पास शुक्रवार को मरम्मत कार्य के दौरान 11 हजार वोल्ट की चपेट में आने से बिजली विभाग के एक कर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिला, नियामतपुर आमगाछी गांव निवासी 24 वर्षीय मोहम्मद सिराज सब्जी के रूप में हुई है।

मृतक के साथी मोहम्मद बब्लू ने बताया कि सिराज पोल पर चढ़कर काम कर रहे थे। मरम्मत के लिए बिजली का शटडाउन लिया गया था, लेकिन मौसम संबंधी कारणों से अचानक करंट आ गया। तेज करंट की चपेट में आकर सिराज नीचे गिर गए।

घटना के बाद उन्हें आनन-फानन में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, भागलपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के भाई सज्जत सब्जी के बयान पर पुलिस ने यूडी (अस्वाभाविक मौत) केस दर्ज किया है। बरारी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और रिपोर्ट के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक अपने पीछे एक पुत्र छोड़ गए हैं।