- चुनाव पर भागलपुर प्रशासन का फोकस: निष्पक्ष मतदान के लिए तैयारियां पूरी
न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
बिहार विधान सभा आम निर्वाचन-2025 के दूसरे चरण के मतदान को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन ने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों की विशेष श्रेणियों की सूची जारी की गई है, साथ ही वाहनों के परिचालन को लेकर सख्त दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
मतदान तिथि तक वाहनों के परिचालन पर विशेष आदेश
स्वच्छ, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला दंडाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत और नवगछिया की पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार द्वारा संयुक्त आदेश जारी किया गया है।
प्रत्येक अभ्यर्थी को केवल 3 वाहनों की अनुमति दी जाएगी –
(1) एक वाहन स्वयं अभ्यर्थी के लिए,
(2) एक चुनाव अभिकर्ता के लिए,
(3) एक कार्यकर्ता के लिए।
मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने-ले जाने के लिए किसी भी वाहन का उपयोग कड़ाई से वर्जित रहेगा।
अनुमति प्राप्त वाहनों पर चालक सहित अधिकतम 5 व्यक्तियों के बैठने की अनुमति होगी तथा अनुमति पत्र वाहन की विंडस्क्रीन पर प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा।
नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को जप्त कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
आम नागरिकों को अपने निजी कार्यों, आवश्यक सेवाओं और पारिवारिक जरूरतों के लिए वाहनों के प्रयोग की छूट रहेगी।
अस्पताल, एम्बुलेंस, दूध गाड़ी, पानी टैंकर, विद्युत सेवा वाहन, पुलिस वाहन, रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डा, बस अड्डा आदि से संबंधित वाहनों पर कोई रोक नहीं रहेगी।
जिले में 14 सखी मतदान केंद्र
महिलाओं की सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए जिले में 14 सखी मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर मतदान कर्मी, सुरक्षा कर्मी, दंडाधिकारी और सहायक कर्मी — सभी महिलाएं होंगी।
सखी मतदान केंद्रों की प्रमुख सूची:
बिहपुर: प्राथमिक विद्यालय प्रखंड कॉलोनी (दक्षिण भाग), मध्य विद्यालय अम्भो (उत्तर भाग)
गोपालपुर: लक्ष्मी कन्या मध्य विद्यालय नवगछिया, मध्य विद्यालय तेतरी पूरब भाग
पीरपैंती: लक्ष्मीनारायण उच्च विद्यालय मलिकपुर
कहलगांव: मध्य विद्यालय विशनपुर जिच्छो, गणपत सिंह उच्च विद्यालय कहलगांव
भागलपुर: दुर्गाचरण उच्च विद्यालय मशाकचक, नगर निगम कार्यालय कोर्ट कंपाउंड, नवयुग विद्यालय आदमपुर
सुलतानगंज: आदर्श मध्य विद्यालय सुलतानगंज, कन्या मध्य विद्यालय तिलकपुर
नाथनगर: मध्य विद्यालय नूरपुर, कन्या मध्य विद्यालय सबौर।
7 पीडब्ल्यूडी प्रबंधित मतदान केंद्र भी तैयार
विशेष रूप से दिव्यांग कर्मियों की भागीदारी के लिए भागलपुर जिले में 7 पीडब्ल्यूडी प्रबंधित मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर संपूर्ण प्रबंधन पीडब्ल्यूडी कर्मी करेंगे।
प्रमुख केंद्रों में म.वि. जमालदीपुर उस्मानपुर (बिहपुर), म.वि. महदत्तपुर (गोपालपुर), उत्क्रमित म.वि. राजगंज (पीरपैंती), उच्च वि. एकचारी (कहलगांव), राजकीय म.वि. महेशपुर (भागलपुर), म.वि. मसदी मुसहरी (सुलतानगंज) और म.वि. कोलाखुर्द (नाथनगर) शामिल हैं।
35 आदर्श मतदान केंद्रों पर होंगी विशेष सुविधाएं
भागलपुर जिले में 35 आदर्श मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं, जिन पर मतदाताओं के लिए पेयजल, व्हीलचेयर, प्रतीक्षालय, शौचालय, सेल्फी प्वाइंट और रंग-रोगन की विशेष व्यवस्था की गई है।
इन आदर्श मतदान केंद्रों का चयन जिले के सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों से किया गया है — बिहपुर, गोपालपुर, पीरपैंती, कहलगांव, भागलपुर, सुल्तानगंज और नाथनगर।
जिला प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भीक होकर मतदान करें और किसी भी प्रकार के प्रलोभन या दबाव से मुक्त होकर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
































