न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
जिले में 29 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक होने वाले दुर्गा पूजा (दशहरा) को लेकर प्रशासन ने सख्त सुरक्षा प्रबंधों का एलान किया है। प्रतिमा स्थापना 29 सितम्बर को और विजयादशमी व विसर्जन 02 अक्टूबर को होगा। विगत के साम्प्रदायिक घटनाओं और आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है।
असामाजिक तत्व, अफवाह फैलाने वाले और साम्प्रदायिक दुर्भावना फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। अवैध हथियार और विस्फोटक पदार्थों के संबंध में भी विशेष छापामारी की जाएगी। किसी भी अफवाह पर तत्काल खंडन करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विजयादशमी से पहले पूजा कार्यक्रमों के दौरान जुलूस के मार्ग, समय और हथियारों के संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। थानाध्यक्ष और अनुमंडल पदाधिकारी स्वयं जुलूस मार्ग का निरीक्षण करेंगे। प्रतिमा विसर्जन के दौरान थके हुए कार्यकर्ताओं द्वारा अव्यवस्था न फैले, इसके लिए भी प्रशासन ने विशेष निर्देश दिए हैं।
जुलूस के लिए अनुमंडल पदाधिकारी/पुलिस उपाधीक्षक ही लाइसेंस निर्गत करेंगे। नए मार्गों की अनुमति केवल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से लेकर संशोधन किया जा सकेगा। जुलूस मार्गों में किसी प्रकार की बाधा नहीं हो, इसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय पदाधिकारियों की होगी।
सभी थानाध्यक्ष पंडाल में CCTV व्यवस्था और विसर्जन जुलूस में निगरानी सुनिश्चित करेंगे। पुलिस एक्ट की संबंधित धाराओं का सख्ती से पालन किया जाएगा। संवेदनशील क्षेत्रों, मस्जिद, कब्रिस्तान और करबला के पास विशेष पुलिस बल तैनात रहेगा।
विसर्जन घाट पर गोताखोर और आपदा मित्र की व्यवस्था होगी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सदर अस्पताल में 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
भागलपुर शहर में जुलूस मार्गों पर यातायात नियंत्रण के लिए बैरियर और मार्ग प्रबंधित होंगे। लोहिया पुल, गुड़हट्टा चौक, विसर्जन घाटों पर रोशनी और पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी पूरे पर्व के दौरान अपने क्षेत्रों में 24 घंटे अलर्ट रहेंगे। किसी भी असफलता या चूक पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिला नियंत्रण कक्ष सदर भागलपुर में 29 सितम्बर से 04 अक्टूबर तक 24 घंटे सक्रिय रहेगा। अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन और पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-2 इसे संचालित करेंगे।
कोतवाली, मोजाहिदपुर, नाथनगर, सजौर, कहलगांव, घोघा, पीरपैंती आदि क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। थानाध्यक्ष और अनुमंडल पदाधिकारी अपने स्तर से शांति समिति बनाकर निरंतर गश्ती करेंगे।
भागलपुर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस दुर्गा पूजा में सभी सुरक्षा और शांति उपाय सख्ती से लागू होंगे और किसी भी असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।