भागलपुर में जीआई टैग्ड उत्पादों के प्रचार और ब्रांडिंग पर बैठक

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में आज समीक्षा भवन, भागलपुर में जीआई टैग्ड उत्पादों को बढ़ावा देने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारी, किसान, बुनकर, व्यापारी और मंजूषा कलाकार शामिल हुए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य भागलपुर के चार जीआई टैग्ड उत्पादों — कतरनी चावल, जर्दालू आम, भागलपुर का तसर सिल्क और मंजूषा पेंटिंग — के उत्पादन, पैकेजिंग, प्रोसेसिंग और विपणन को बढ़ावा देना था।
जिलाधिकारी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि यह जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि है कि चार उत्पादों को जियो-इंडिकेशन (GI) टैग मिला है। उन्होंने बताया कि बैठक में किसानों, बुनकरों और कलाकारों के साथ विचार-विमर्श कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। जिन समस्याओं का समाधान जिला स्तर पर संभव है, उनका निवारण शीघ्र किया जाएगा, जबकि राज्य स्तर पर निर्णय के लिए प्रस्ताव भेजे जाएंगे और उनका फॉलोअप सुनिश्चित किया जाएगा।
विशेष रूप से जिलाधिकारी ने कतरनी चावल और तसर सिल्क को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि इन दोनों उत्पादों के प्रचार-प्रसार और निर्यात पर काम तेजी से किया जाएगा। इसके लिए सबसे पहले उत्पादों की गुणवत्ता सुधार पर ध्यान दिया जाएगा, उसके बाद पैकेजिंग और प्रोसेसिंग में सुधार किया जाएगा, और अंततः इन्हें व्यापक बाजार से जोड़ा जाएगा।
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि “Made in Bhagalpur” ब्रांड के तहत इन उत्पादों की ब्रांडिंग की जाएगी, जिससे भागलपुर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक अलग पहचान मिलेगी और उत्पादकों को बेहतर लाभ सुनिश्चित होगा।