पीएम-किसान योजना के तहत ई-केवाईसी व किसान रजिस्ट्री कार्यों की समीक्षा: लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई-जिलाधिकारी

न्यूज स्कैन ब्यूरो, भागलपुर
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी एवं किसान रजिस्ट्री से संबंधित कार्यों की समीक्षा को लेकर सोमवार को भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि PM-KISAN योजना से जुड़े सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि ई-केवाईसी एवं किसान रजिस्ट्री का कार्य पूरी पारदर्शिता, शुद्धता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से संपादित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता अथवा उदासीनता को गंभीरता से लिया जाएगा। दोषी पाए जाने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अंचल एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने दायित्वों का निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया।
बैठक के उपरांत जिला प्रशासन की ओर से किसानों से अपील की गई कि वे अपने नजदीकी प्रखंड या अंचल कार्यालय से संपर्क कर PM-KISAN योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी एवं किसान रजिस्ट्री से संबंधित कार्य शीघ्र पूर्ण कराएं, ताकि उन्हें योजना का लाभ बिना किसी बाधा के मिलता रहे।