डीएम ने अनुमंडल सदर, डीसीएलआर व भू-अर्जन कार्यालय का किया निरीक्षण, साफ-सफाई, संचिका संधारण व वाद निष्पादन की स्थिति की समीक्षा

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बुधवार को अनुमंडल सदर कार्यालय, भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) कार्यालय तथा भू-अर्जन कार्यालय, भागलपुर का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने तीनों कार्यालयों के सभी कक्षों का भ्रमण कर साफ-सफाई, अभिलेखों एवं संचिकाओं के रखरखाव की व्यवस्था का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के क्रम में अनुमंडल न्यायालय एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता न्यायालय में लंबित एवं निष्पादित वादों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने न्यायालयों में मामलों के त्वरित निष्पादन, अभिलेखों के अद्यतन संधारण एवं कार्यालयीन व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी सदर, डीसीएलआर सदर एवं जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और उनके शीघ्र अनुपालन का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और पारदर्शिता के साथ कार्य निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर सहायक समाहर्ता जतिन कुमार एवं अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) राकेश रंजन सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।