न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम एवं बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों और कर्मियों को शनिवार को टाउन हॉल, भागलपुर में आयोजित समारोह में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा, नगर आयुक्त शुभम कुमार तथा नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी ऋतुराज प्रताप सिंह मौजूद रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम एक बड़ा और चुनौतीपूर्ण कार्य था, जिसे बीएलओ, उनके सहयोगियों तथा प्रखंड, अनुमंडल और जिला स्तर के अधिकारियों ने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ समयसीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने कहा कि बिहार पहला ऐसा राज्य रहा जिसे इस कार्य के लिए तय टाइमलाइन दी गई थी और भागलपुर जिले ने बिना समय बढ़ाए सभी कार्य पूरे किए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बेहतर तैयारी का ही परिणाम रहा कि मतदान के दिन किसी भी बूथ पर मतदाता सूची से नाम कटने या मतदान से वंचित होने की कोई शिकायत नहीं मिली। किसी भी बूथ लेवल एजेंट या पोलिंग एजेंट ने ऐसी कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई। यह पूरी प्रक्रिया की शुद्धता और पारदर्शिता को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ उनके स्तर से 13 बार बैठकें की गईं, वहीं अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर भी अधिकारियों द्वारा नियमित संवाद स्थापित किया गया। जिलाधिकारी ने शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में योगदान देने वाले सभी पदाधिकारियों, पुलिस प्रशासन एवं कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने भी निर्वाचन कार्य में लगे पदाधिकारियों और कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान आए किसी भी प्रेक्षक द्वारा कोई शिकायत नहीं की गई और न ही कहीं से किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना मिली। यह सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत और समन्वय का परिणाम है।
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे प्रशासनिक अमले का मनोबल और अधिक बढ़ा।









































