न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ाए जाने को लेकर मंगलवार को भागलपुर के समीक्षा भवन में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के आलोक में जिन मतदान केंद्रों पर 1400 से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं, उसी भवन में एक अतिरिक्त मतदान केंद्र स्थापित किया जाना है।
उन्होंने बताया कि कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत भागलपुर जिले में वर्तमान में 19 मतदान केंद्र हैं, जिनमें से 7 मतदान केंद्रों में मतदाताओं की संख्या 1400 से अधिक हो गई है। ऐसे सभी केंद्रों के उसी भवन में एक-एक अतिरिक्त मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं।
अतिरिक्त मतदान केंद्र जिन भवनों में बनाए जाएंगे, उनमें प्रखंड कार्यालय सबौर (कमरा संख्या-2), जिला कृषि कार्यालय भवन (कमरा संख्या-3, 4 एवं 5 — तीन अतिरिक्त मतदान केंद्र), टाउन हॉल सह नगर भवन (कमरा संख्या-2), प्रखंड कार्यालय पीरपैंती (कमरा संख्या-2) तथा प्रखंड कार्यालय कहलगांव (कमरा संख्या-2) शामिल हैं।
इन अतिरिक्त मतदान केंद्रों के गठन के बाद कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत भागलपुर जिले में मतदान केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 26 हो जाएगी। बैठक में राजनीतिक दलों के साथ इस संबंध में लिए गए प्रस्ताव को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह आयुक्त, पूर्णिया प्रमंडल को भेजने का निर्णय लिया गया। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधि उपस्थित थे।
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान केंद्र बढ़ाने पर राजनीतिक दलों संग बैठक: 1400 से अधिक मतदाता वाले केंद्रों पर बनेगा अतिरिक्त मतदान केंद्र
































