न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
बिहार सरकार की योजना ‘7 निश्चय–3 से बढ़ेगा अपना बिहार’ के तहत संचालित ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ (Ease of Living) कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने आम जनता के आवेदनों की सुनवाई की। इस दौरान करीब 45 मामलों की सुनवाई की गई।
जनसुनवाई में लंबित पेंशन, भूमि विवाद, भू-अर्जन, दाखिल-खारिज सहित विभिन्न प्रकार की समस्याओं से जुड़े आवेदन सामने आए। जिलाधिकारी ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, ताकि मामलों का त्वरित और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई की जाए और शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
जनसुनवाई के दौरान सहायक समाहर्ता जतिन कुमार और अपर समाहर्ता दिनेश राम भी उपस्थित थे। अधिकारियों ने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित विभागों को निर्देश जारी कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
































