‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ के तहत डीएम ने सुनीं 30 शिकायतें: पेंशन व जमीन विवाद के मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
‘7 निश्चय–3 से बढ़ेगा अपना बिहार’ अभियान के अंतर्गत ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (ईज़ ऑफ लिविंग)’ कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने सोमवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की। इस दौरान करीब 30 आवेदनों पर विचार किया गया, जिनमें लंबित पेंशन और भूमि विवाद से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
सुनवाई के दौरान एक दिव्यांग आवेदक व्हीलचेयर पर पहुंचकर अपनी समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मामले का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से न्याय दिलाना है।
कार्यक्रम के तहत उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) सहित सभी जिला, प्रखंड, अंचल एवं थाना स्तर के अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालयों में जनता दरबार आयोजित कर विभागीय मामलों की सुनवाई की।
इस अवसर पर प्राप्त शिकायतों का विधिवत पंजीकरण किया गया और आवेदकों को प्राप्ति रसीद प्रदान की गई। नागरिकों की सुविधा के लिए बैठने की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल और शौचालय की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई थी।