जिलाधिकारी ने भूकंप चेतना रथ को किया रवाना, भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा के तहत लोगों को दी जाएगी जागरूकता

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने सोमवार को भागलपुर समाहरणालय परिसर से भूकंप चेतना रथ को हरी झंडी दिखाकर जिले के सभी अंचलों के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि रथ का उद्देश्य आम लोगों को भूकंप से सुरक्षा और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस अभियान के तहत एलईडी स्क्रीन और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनता को भूकंप सुरक्षा के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भूकंप-रोधी भवन बनाने में निर्माण लागत में केवल 5 से 7 प्रतिशत का अतिरिक्त खर्च आता है, लेकिन ऐसे भवनों में भूकंप के दौरान दरारें नहीं पड़ती हैं और सुरक्षा सुनिश्चित होती है।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन कुंदन कुमार, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी विकास कुमार, निदेशक NEP, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण भागलपुर, वरीय उप समाहर्ता अंकिता चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि जनता को भूकंप सुरक्षा और बचाव के महत्व को समझाने के लिए अभियान को प्रभावी ढंग से चलाया जाए और सभी अंचलों में समयबद्ध रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।