राज्यस्तरीय सम्मान से नवाजे गए भागलपुर के डीएम, डॉ. नवल किशोर चौधरी को मिला Best DEO Award

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

भागलपुर के लिए यह गौरवपूर्ण उपलब्धि रही कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, भागलपुर डॉ. नवल किशोर चौधरी को राज्यस्तरीय Best Electoral Practices Awards–2025 के अंतर्गत Best DEO Award से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर 25 जनवरी 2026 को अधिवेशन भवन, सिंचाई भवन परिसर, पटना में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य सचिव, बिहार सरकार प्रत्यय अमृत ने अपने कर-कमलों से डॉ. चौधरी को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया।
डॉ. नवल किशोर चौधरी को यह सम्मान विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) 2025 तथा बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 के दौरान निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्ट, पारदर्शी एवं नवाचारपूर्ण प्रदर्शन के लिए दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि भागलपुर राज्य का एकमात्र जिला है, जिसे दोनों श्रेणियों (कैटेगरी) में बेहतर प्रदर्शन के लिए यह पुरस्कार प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि जिला प्रशासन, निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों तथा बूथ लेवल कार्यकर्ताओं के समन्वित प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।