सबका सम्मान–जीवन आसान के तहत जिलाधिकारी ने की जनसुनवाई: लंबित पेंशन व भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर हुई सुनवाई

न्यूज स्कैन ब्यूरो, भागलपुर
7 निश्चय–3 से बढ़ेगा अपना बिहार कार्यक्रम के अंतर्गत सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living) पहल के तहत जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में आम जनों की समस्याओं की सुनवाई की। इस दौरान कुल 16 आवेदनों पर विचार किया गया, जिनमें मुख्य रूप से लंबित पेंशन एवं भूमि विवाद से संबंधित मामले शामिल थे।
जनसुनवाई के दौरान एक दिव्यांग आवेदक व्हीलचेयर पर जिलाधिकारी के समक्ष उपस्थित हुआ और अपनी समस्या रखी। जिलाधिकारी ने गंभीरता से उसकी बात सुनी और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) सहित सभी जिला स्तरीय, प्रखंड स्तरीय, अंचल एवं थाना स्तर के अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालयों में सबका सम्मान–जीवन आसान कार्यक्रम के तहत आम जनों की शिकायतों की सुनवाई की।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों का विधिवत पंजीकरण किया गया तथा आवेदकों को प्राप्ति रसीद प्रदान की गई। साथ ही, आवेदकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए बैठने की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल एवं शौचालय की सुविधा सभी कार्यालय परिसरों के समीप उपलब्ध कराई गई।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि 7 निश्चय–3 से बढ़ेगा अपना बिहार के अंतर्गत सबका सम्मान–जीवन आसान कार्यक्रम के तहत अब प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को सभी पदाधिकारी आम जनों के आवेदनों की नियमित सुनवाई कर रहे हैं, ताकि समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।