न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती पर भागलपुर कांग्रेस के कैंप कार्यालय में एक समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शहर के पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने की। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने डॉ. प्रसाद के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए कहा कि वे भारतीय राजनीति में सत्यनिष्ठा, सरलता और उच्च विचारधारा के प्रतीक थे। इस दौरान पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद का जीवन छात्र राजनीति से शुरू होकर स्वतंत्रता आंदोलन तक पहुँचता है, जहाँ उन्होंने कई बार जेल जाकर देश की आज़ादी की लड़ाई को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि भारत के प्रथम राष्ट्रपति के रूप में डॉ. प्रसाद का राष्ट्र निर्माण में योगदान अविस्मरणीय है और उनकी सादगी व कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधि डॉ. अभय आनंद, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सोईन अंसारी, इंटक जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि कुमार, कांग्रेस मीडिया प्रभारी अभिषेक चौबे, नगर महिला कांग्रेस की आरती सिंह, मिन्ता कुमारी, सबा, खुबसूरत, बंटी कुमार दास, समीम रज़ा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अभय आनंद ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।

































