सैंडिस मैदान में भव्य समारोह के साथ मनाया गया 76वां गणतंत्र दिवस: मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने किया झंडोत्तोलन, विकास योजनाओं और भविष्य की दिशा पर रखी बात

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भागलपुर के ऐतिहासिक सैंडिस मैदान में जिला प्रशासन द्वारा मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया गया। बिहार सरकार के उद्योग एवं पथ निर्माण मंत्री सह भागलपुर जिला के प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने ध्वजारोहण किया। इससे पूर्व उन्होंने परेड की सलामी ली और जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के साथ परेड का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक, पूर्वी क्षेत्र भागलपुर विवेक कुमार, प्रमंडलीय आयुक्त अवनीश कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी परेड की सलामी ली।
शहीदों को नमन, लोकतंत्र को मजबूत करने का आह्वान
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि गणतंत्र दिवस स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने जिलेवासियों से लोकतांत्रिक मूल्यों को और मजबूत करने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश ने निरंतर विकास किया है और इस यात्रा में भागलपुर भी सक्रिय भागीदारी निभा रहा है।
सिल्क, उद्योग और निवेश का केंद्र बन रहा भागलपुर
मंत्री ने बताया कि भागलपुर “सिल्क सिटी” के रूप में प्रसिद्ध है, जहां लगभग 4,500 हथकरघा एवं 11,000 पावरलूम बुनकर कार्यरत हैं। बीते वर्ष 1,200 से अधिक बुनकरों को कार्यशील पूंजी का लाभ दिया गया। जिले में 23 बड़े उद्योग बिहार राज्य निवेश प्रोत्साहन परिषद से लाभान्वित हैं, जिनमें चावल मिल, टॉफी फैक्ट्री, सॉफ्ट ड्रिंक फैक्ट्री और बॉटलिंग प्लांट शामिल हैं। पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत करीब 2,200 लाभुक लाभान्वित हुए हैं, जबकि 2,100 से अधिक को टूल किट प्रदान की जा चुकी है।
30 हजार करोड़ का अडानी पावर प्रोजेक्ट
पीरपैंती में लगभग 30 हजार करोड़ रुपये की लागत से स्थापित हो रहा 2400 मेगावाट का थर्मल पावर प्लांट बिहार को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर बताया गया। इसके साथ ही विक्रमशिला विश्वविद्यालय, नए हवाई अड्डे और इंडस्ट्रियल पार्क की योजनाओं पर भी कार्य जारी है।
इतिहास, संस्कृति और पर्यटन की धरती
मंत्री ने कहा कि भागलपुर बाबा अजगैबीनाथ, बाबा बूढ़ानाथ, बाबा बटेश्वरनाथ और वीर शहीद तिलकामांझी की धरती है। कतरनी चावल, जर्दालु आम, मंजुषा कला और भागलपुरी सिल्क को GI टैग प्राप्त होना जिले की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करता है। विक्रमशिला गंगा डॉल्फिन अभयारण्य और डॉल्फिन सफारी जिले को पर्यटन मानचित्र पर विशेष स्थान दिला रहे हैं।
सड़क, रेल और स्मार्ट सिटी विकास
NH-80 के मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन का 79% कार्य पूर्ण
भागलपुर-हंसडीहा पथ के 4-लेन चौड़ीकरण हेतु 50.17 करोड़ की स्वीकृति
भागलपुर-अगरपुर-कोतवाली पथ के चौड़ीकरण हेतु 114 करोड़ की मंजूरी
भागलपुर और नवगछिया रेलवे स्टेशनों पर वंदे भारत सहित सभी प्रमुख ट्रेनों का ठहराव
स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत ओपन एयर थियेटर, नेहरू मेमोरियल, मल्टी लेवल पार्किंग, नाइट शेल्टर और 1844 सीसीटीवी कैमरों की स्थापना की गई है।
स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा
सदर अस्पताल सहित 14 अस्पताल स्पेशलिटी हॉस्पिटल के रूप में विकसित
HPV टीकाकरण, कैंसर रोकथाम और असाध्य रोगों हेतु आर्थिक सहायता
3.10 लाख पेंशनधारियों को 34 करोड़ रुपये का भुगतान
महिला, युवा, SC-ST, अल्पसंख्यक उद्यमी योजनाओं से सैकड़ों लाभुक लाभान्वित
शांति और सद्भाव का संदेश
मंत्री ने कहा कि भागलपुर शांति, सद्भाव और आपसी सौहार्द का प्रतीक रहा है और प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्य मंच पर भागलपुर विधायक रोहित पांडे, पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान, विधान परिषद सदस्य डॉ. एन.के. यादव, महापौर डॉ. वसुंधरा लाल, जिला परिषद अध्यक्ष विपिन मंडल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।

प्रमंडल व जिला स्तर पर भी हुआ ध्वजारोहण
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त अवनीश कुमार सिंह ने आयुक्त कार्यालय में तथा जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अपने आवासीय कार्यालय में झंडोत्तोलन किया। इस दौरान पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।