भागलपुर शाखा को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान, ‘CIRC Community Impact Award’ के लिए चयन

न्यूज स्कैन ब्यूरो, भागलपुर
वित्तीय एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए The Institute of Chartered Accountants of India की भागलपुर शाखा को देश की Central India Regional Council of ICAI (CIRC) द्वारा प्रतिष्ठित CIRC Community Impact Award के लिए चुना गया है।
शाखा के चेयरमैन सीए प्रदीप कुमार झुनझुनवाला ने बताया कि यह सम्मान भागलपुर शाखा को पहली बार प्राप्त हो रहा है। पूरे वर्ष सेवा एवं सामुदायिक प्रभाव के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए शाखा को सर्वश्रेष्ठ चुना गया है, जो जिले और क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
करदाताओं और विद्यार्थियों के लिए निरंतर पहल
भागलपुर शाखा वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए करदाताओं को जागरूक करती है और उन्हें एक सजग एवं जिम्मेदार करदाता बनने में मार्गदर्शन प्रदान करती है। साथ ही कॉमर्स एवं सीए के विद्यार्थियों को उनके शैक्षणिक विकास, करियर मार्गदर्शन और व्यावसायिक प्रशिक्षण में निरंतर सहयोग देती रही है।

57 शाखाओं के बीच ऐतिहासिक उपलब्धि

ICAI के सेंट्रल रीजन में 57 शाखाएँ और लगभग 73,000 चार्टर्ड अकाउंटेंट्स शामिल हैं। इन सभी शाखाओं के बीच भागलपुर शाखा को यह पुरस्कार मिलना एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। सीए प्रदीप कुमार झुनझुनवाला के नेतृत्व में शाखा ने सेवा और संगठनात्मक गतिविधियों के क्षेत्र में उल्लेखनीय मानक स्थापित किए हैं।

16 मार्च को गाजियाबाद में सम्मान समारोह

यह प्रतिष्ठित पुरस्कार 16 मार्च को Ghaziabad में आयोजित समारोह में हजारों सदस्यों की उपस्थिति में प्रदान किया जाएगा। चेयरमैन सीए प्रदीप कुमार झुनझुनवाला ने इस उपलब्धि का श्रेय शाखा के सभी सदस्यों के सहयोग, समर्पण और टीम भावना को देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया है। यह सम्मान न केवल भागलपुर शाखा के लिए बल्कि पूरे सीमांचल और बिहार के लिए गौरव का विषय है।