सात निश्चय–3 के तहत जनप्रतिनिधियों से लिया गया फीडबैक, सरकारी सेवाओं में सुधार को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय–3 के अंतर्गत आम नागरिकों के जीवन को सरल, सम्मानजनक और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से सोमवार को समीक्षा भवन, भागलपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने की।
बैठक में “सबका सम्मान–जीवन आसान” के लक्ष्य के अनुरूप सरकारी संस्थागत सेवाओं में सुधार के लिए जनप्रतिनिधियों से विस्तृत फीडबैक लिया गया। जनप्रतिनिधियों ने आम लोगों को दैनिक जीवन में आने वाली समस्याओं और उनके समाधान को लेकर कई व्यावहारिक सुझाव रखे।
बैठक में प्रमुख रूप से यह सुझाव सामने आए कि विद्यालयों में प्रत्येक सप्ताह शिक्षकों एवं अभिभावकों की नियमित बैठक हो, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए पंचायत स्तर पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, विकलांगता प्रमाण पत्र हेतु चिकित्सीय जांच प्रखंड स्तर पर कराई जाए तथा कबीर अंत्येष्टि अनुदान योजना के त्वरित भुगतान के लिए पंचायत स्तर पर आकस्मिक निधि की व्यवस्था हो।
इसके अलावा WPU में गोबर गैस प्लांट लगाने, 7–8 पंचायतों पर एक आधार सुविधा केंद्र खोलने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में वृद्ध एवं दिव्यांगों के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था करने, बीपीएल सूची के पुनः अद्यतीकरण, लेबर कार्ड निर्माण हेतु पंचायत स्तर पर शिविर लगाने, ग्रामीण क्षेत्रों में कुटीर उद्योग को बढ़ावा देने तथा हर पंचायत में दूध बिक्री केंद्र खोलने की मांग रखी गई।
जनप्रतिनिधियों ने सोलर लाइट के नियमित मेंटेनेंस, आपदा के समय शहरी क्षेत्रों में भी आपदा प्रबंधन सुविधा उपलब्ध कराने तथा नगर निगम कार्यालय में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के ऑनलाइन आवेदन की सुविधा शुरू करने का भी सुझाव दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि सुखी और स्वस्थ जीवन के लिए कार्य संस्कृति और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चों में अनुशासन और मेहनत की प्रवृत्ति विकसित करने की शुरुआत घर से ही करनी होगी और इसके लिए समाज के हर वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
उल्लेखनीय है कि सात निश्चय–3 कार्यक्रम वर्ष 2025 से 2030 तक के लिए लागू किया गया है, जिसके अंतर्गत—
दो गुना रोजगार–दोगुनी आय
समृद्ध उद्योग–सशक्त बिहार
कृषि में प्रगति–प्रदेश की समृद्धि
उन्नत शिक्षा–उज्ज्वल भविष्य
सुलभ स्वास्थ्य–सुरक्षित जीवन
मजबूत आधार–आधुनिक विस्तार
सबका सम्मान–जीवन आसान
को प्रमुख लक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, सभी प्रखंड पदाधिकारी, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, नगर निगम के वार्ड पार्षद तथा जिले के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।