न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, जगदीशपुर
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भागलपुर में संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं उप विकास आयुक्त (डीडीसी) प्रदीप कुमार सिंह ने शुक्रवार को जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत बैजानी पंचायत का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रस्तावित सभा स्थल, मीटिंग हॉल, हेलीपैड की संभावित व्यवस्था, आवागमन मार्ग, सुरक्षा इंतजामों के साथ-साथ बिजली, पानी और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने बैजानी गांव स्थित ऐतिहासिक तालाब की वर्तमान स्थिति का भी अवलोकन किया। तालाब की हालत काफी जर्जर पाई गई। तालाब के किनारे बनी सरकारी सीढ़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त पाई गईं, वहीं तालाब का पानी सुखाए जाने की प्रक्रिया भी जारी रहने की जानकारी सामने आई।
इस पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने गहरी नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों से विस्तृत जानकारी ली और मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐतिहासिक और सार्वजनिक धरोहरों के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासनिक निरीक्षण से यह स्पष्ट है कि जिला प्रशासन मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर पूरी तरह सतर्क है, साथ ही क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं और जनभावनाओं को भी गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह, जगदीशपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर बैजानी पंचायत का निरीक्षण: ऐतिहासिक तालाब की बदहाली पर प्रशासन सख्त, जांच के निर्देश

































