भभुआ नगर परिषद की बैठक में केवल 4 पार्षद पहुंचे, तेल्हाड़कुंड में पिकनिक मनाते दिखे बाकी; सभापति नाराज

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
भभुआ नगर परिषद की सामान्य बैठक पार्षदों की अनुपस्थिति के कारण स्थगित करनी पड़ी। 25 वार्डों वाले नगर में केवल 4 पार्षद ही बैठक में पहुंचे, जबकि शेष पार्षदों के तेल्हाड़कुंड में पिकनिक मनाने की सूचना मिली। इस पर नगर परिषद के सभापति विकास तिवारी उर्फ बब्लू तिवारी ने कड़ी नाराज़गी व्यक्त की है।
सभापति ने कहा कि कई पार्षदों ने स्वयं उनसे 10 दिसंबर को बोर्ड बैठक कराने का आग्रह किया था, लेकिन तय समय पर अधिकांश पार्षद बैठक छोड़ पिकनिक मनाने चले गए। उन्होंने सवाल उठाया कि “ऐसे पार्षद भभुआ के विकास की बात कैसे कर सकते हैं, जिन्हें शहर की समस्याओं से ज़्यादा पिकनिक की फिक्र है?”
बैठक में मुख्य रूप से लाइट मास्क लाइट लेबरों के वेतन वृद्धि का मुद्दा रखा जाना था। सभापति ने पार्षदों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि इनके गैरजिम्मेदार रवैये की वजह से न तो नगर का विकास हो पा रहा है, न ही सफाईकर्मियों के हित में कोई ठोस निर्णय लिया जा रहा है।
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय ने भी पुष्टि की कि मात्र 4 पार्षद उपस्थित होने के कारण कोरम पूरा नहीं हो सका और बैठक अगले तिथि तक स्थगित कर दी गई है।