न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
पर्यटन विभाग के द्वारा सदर प्रखंड के सुखपुर स्थित बाबा तिलहेश्वर नाथ महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं विकास का कार्य किया जा रहा है। अनुमंडल पदाधिकारी सदर सह अध्यक्ष बाबा तिलहेश्वर नाथ मंदिर न्यास समिति इंद्रवीर कुमार के द्वारा किए जा रहे सौन्दर्यीकरण एवं विकास कार्यों का जायजा लिया गया। बिहार स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के द्वारा तिलहेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं विकास का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य में मंदिर के चारों तरफ कंक्रीट एवं ढलाई का कार्य किया जा रहा है साथ में मंदिर के चारों तरफ चारदिवारी निर्माण का भी प्रस्ताव है। इसके साथ ही मंदिर के सामने स्थित पोखर के भी सौंदर्य करण का कार्य किया जाना है। अनुमंडल पदाधिकारी ने इन सभी कार्यों के प्रगति का जायजा लिया। वहां उपस्थित बिहार स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के पदाधिकारी एवं कर्मियों के द्वारा बताया गया कि मंदिर परिसर के कार्य में पक्कीकरण के आधारभूत संरचना का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के पदाधिकारी एवं कर्मियों को निर्देश दिया गया कि इतने दिन बीत जाने के बाद भी मंदिर के चारों तरफ के ढलाई एवं पक्कीकरण के कार्य में ही प्रगति दिख रहा है पक्कीकरण कार्य के ऊपर टाइल्स व मार्बल भी लगाया जाना है जो अभी तक लंबित है। इसके साथ ही मंदिर के बाहरी परिसर तथा पोखर का भी सौंदर्यीकरण किया जाना है जो कार्य अभी तक शुरू नहीं किया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी ने कारपोरेशन के पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि 15 दिन के अंदर कार्य में तेजी लाएं ताकि समय पर इस कार्य को संपन्न कराया जा सके। अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा वहां उपस्थित मंदिर न्यास समिति के सदस्यों को भी निर्देश दिया गया कि वे भी लगातार कार्य पर निगरानी बनाए रखें तथा कहीं भी कोई स्थानीय समस्या आती है तो कार्यकारी एजेंसी को आवश्यक सहयोग प्रदान करें ताकि मंदिर सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य सही समय पर संपन्न हो सके। वहां उपस्थित मंदिर न्यास समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों से अपील किया गया कि इस कार्य में यथासंभव सहयोग करें। इसके साथ ही वहां उपस्थित टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के पदाधिकारी एवं कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी तरह से कार्य के गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा एवं तय मानक के अनुसार विकास एवं सौंदर्यकरण का कार्य शीघ्र संपन्न किया जाए। भ्रमण के समय अंचलाधिकारी आनंद कुमार, राजस्व पदाधिकारी संदीप कुमार एवं मंदिर न्याय समिति के सभी सदस्य भी उपस्थित थे।
































