बरूआरी पश्चिम दुर्गा मंदिर में शत चंडी महायज्ञ का शुभारंभ,700 श्रद्धालुओं ने निकाली कलश शोभायात्रा

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

सदर प्रखंड के बरूआरी पश्चिम स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में शत चंडी महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया महायज्ञ के शुभारंभ के अवसर पर रविवार को भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह करीब दस बजे शुरू हुई यह शोभा यात्रा बरूआरी पश्चिम, बरूआरी पूरब, बरैल और जगतपुर होते हुए बाबा कपिलेश्वर मंदिर परिसर पहुंची।
शोभा यात्रा में कुल 700 श्रद्धालु महिलाओं एवं युवतियों ने सिर पर कलश लेकर भाग लिया। बाबा कपिलेश्वर मंदिर परिसर में विधिवत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन-अर्चन किया गया। इसके उपरांत सभी कलशव्रती जल भरकर पुनः यज्ञ स्थल पर पहुंचे, जहां यज्ञ मंडप की परिक्रमा करने के बाद कलश को विधि-विधान से स्थापित किया गया। यह शोभा यात्रा लगभग तीन बजे अपराह्न में संपन्न हुई।
शोभा यात्रा को भव्य बनाने के लिए ढोल-नगाड़े, घोड़े और धार्मिक झांकियों की व्यवस्था की गई थी, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। मौके पर पुलिस बल की तैनाती के साथ स्वास्थ्य सेवा के लिए एंबुलेंस एवं अग्निशमन विभाग की गाड़ियां भी मौजूद रहीं।
यज्ञ समिति के संरक्षक शेखर सिंह ‘मुनमुन’ ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शत चंडी महायज्ञ को लेकर 13 वर्ष पूर्व संकल्प लिया गया था, जो आज साकार हो रहा है। उन्होंने बताया कि यह महायज्ञ 19 जनवरी से 27 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बक्सर से पधारे आचार्य कृष्णानंद महाराज द्वारा प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे से सायं 7 बजे तक प्रवचन एवं कथा का श्रवण कराया जाएगा।
महायज्ञ में मुख्य अतिथि के रूप में विधान पार्षद डॉ. अजय कुमार सिंह, जिला परिषद सदस्य रजनीश कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह, सुरेश्वर सिंह, नरेश सिंह, मुखिया पंकज प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।