न्यूज स्कैन ब्यूरो, बांका
अमरपुर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं। रविवार को दोपहर करीब 12 बजे जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने संयुक्त रूप से डुमरामा हाई स्कूल मैदान का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों ने हाई स्कूल के पीछे हेलीपैड हेतु चिह्नित भूमि को देखा और सुरक्षा दृष्टिकोण से आवश्यक दिशा–निर्देश दिए। बताया गया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर दो हेलीपैड तैयार किए जाएंगे।
इसके साथ ही डीएम एवं एसपी ने डुमरामा अस्पताल परिसर और चंसार पोखर पहुंचकर पार्किंग हेतु चयनित भूमि का भी जायजा लिया। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री का कार्यक्रम अमरपुर विधानसभा क्षेत्र के अमरपुर नगर पंचायत स्थित मैदान में प्रस्तावित है, हालांकि तिथि अभी तय नहीं हुई है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम राजकुमार, एसडीपीओ अमर विश्वास, बीडीओ प्रतिक राज, सीओ रजनी कुमारी, थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा, वार्ड पार्षद प्रदीप कुमार साह उर्फ पप्पू, पार्षद शंकर महतो, डुमरामा पार्षद पिंटू मंडल सहित पुलिस एवं प्रशासन के कई पदाधिकारी मौजूद थे।