न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
देशभर में बैंकिंग उद्योग में पाँच दिवसीय सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के तहत मंगलवार की संध्या भागलपुर में यूनाइटेड फोरम ऑफ़ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के बैनर तले जोरदार प्रदर्शन एवं सभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संध्या 5.45 बजे बैंक ऑफ़ इंडिया/इंडियन बैंक के आंचलिक कार्यालय, राधा रानी सिन्हा रोड के समीप आयोजित हुआ।
यूनाइटेड फोरम ऑफ़ बैंक यूनियंस देश के बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े नौ संगठनों के कर्मचारी एवं अधिकारियों का संयुक्त मंच है। मंच के आह्वान पर 1 दिसंबर 2025 से पूरे देश में विभिन्न चरणों में आंदोलन चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भागलपुर में आयोजित इस प्रदर्शन एवं सभा में सभी घटक संगठनों के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिनमें महिला कर्मचारियों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बैंक कर्मियों की केवल एक ही प्रमुख मांग है—बैंकों में भी पाँच दिवसीय सप्ताह लागू किया जाए। यह मांग इंडियन बैंक एसोसिएशन (आईबीए) द्वारा स्वीकृत कर मार्च 2024 में ही भारत सरकार के वित्त विभाग को भेजी जा चुकी है, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
वक्ताओं ने बताया कि मार्च 2025 में इसी मांग को लेकर राष्ट्रव्यापी हड़ताल का निर्णय लिया गया था, जिसे मुख्य श्रम आयुक्त की मध्यस्थता के बाद स्थगित कर दिया गया था। उस समय वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) की ओर से यह आश्वासन दिया गया था कि मामला भारत सरकार के पास सक्रिय विचाराधीन है और शीघ्र समाधान होगा। बावजूद इसके, लगभग दो वर्ष बीतने के बाद भी पाँच दिवसीय सप्ताह को लागू नहीं किया गया है, जिससे बैंक कर्मियों में गहरा असंतोष व्याप्त है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई), जनरल इंश्योरेंस कॉरपोरेशन (जीआईसी) और जीवन बीमा निगम (एलआईसी) जैसे प्रमुख वित्तीय संस्थानों में पाँच दिवसीय सप्ताह पहले से लागू है, लेकिन इंडियन बैंक एसोसिएशन की सहमति के बावजूद बैंकों में इसे लागू नहीं किया जाना भेदभावपूर्ण रवैया दर्शाता है।
चेतावनी देते हुए यूनियन नेताओं ने कहा कि यदि केंद्र सरकार ने इस मांग को शीघ्र पूरा नहीं किया, तो जनवरी के तीसरे सप्ताह में पूरे देश के सभी बैंकों में हड़ताल की जाएगी।
इस प्रदर्शन एवं सभा में ए. पी. सिंह, संजय लाठ, विभाष, बसंत कुमार झा, अहमद, नितेश कुमार, सुनील चंद्र पाठक, रितु कुमारी, सुकेसी कुमारी, सुरभि रानी, रीता देवी, दीपिका, नेहा प्रिया, विभा सिन्हा, तारकेश्वर, कृष्ण कुमार, प्रियंका, शिल्पा, श्वेता सरिता, तोसरीता, नीरज, प्रदीप, सुनील तांती, सुशील, मुन्ना सहित लगभग 150 बैंककर्मी उपस्थित रहे।
सभा के अंत में आंदोलन को और तेज करने का संकल्प लिया गया।
बैंक कर्मियों ने पांच दिवसीय सप्ताह की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

































